नई दिल्ली: चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता Tecno आज, 16 अक्टूबर को भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Tecno Spark 50S 5G लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए इसकी लॉन्च डेट की जानकारी दी है। लॉन्च से पहले फोन का डिजाइन सामने आ चुका है। इसमें हॉरिजॉन्टल पिल-शेप वाला रियर कैमरा मॉड्यूल और मैटेलिक फिनिश वाला फ्लैट मिड-फ्रेम देखने को मिलेगा।
Tecno Spark 50S 5G इस सीरीज का भारत में दूसरा मॉडल होगा। इससे पहले कंपनी Tecno Spark 50 5G लॉन्च कर चुकी है। नए स्मार्टफोन को Breeze Blue और Burgundy Red कलर ऑप्शन में पेश किया जाएगा। हालांकि, फोन की कीमत और इसकी पूरी स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक जानकारी लॉन्च के समय सामने आने की उम्मीद है।
X पर कंपनी ने दी लॉन्च की जानकारी
Tecno ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि Tecno Spark 50S 5G को 16 अक्टूबर को भारत में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने लॉन्च से पहले फोन के डिजाइन की झलक भी दिखाई है। इस स्मार्टफोन का लुक काफी हद तक स्टैंडर्ड Tecno Spark 50 5G जैसा है। हालांकि, फोन के हार्डवेयर, कैमरा और अन्य फीचर्स को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Tecno Spark 50S 5G का डिजाइन कैसा होगा?
Tecno Spark 50S 5G में पीछे की तरफ हॉरिजॉन्टल तरीके से लगा पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसमें एक रियर कैमरा, लाइट सेंसर और LED फ्लैश नजर आते हैं। फोन के बैक पैनल पर नीचे की तरफ Tecno की ब्रांडिंग दी गई है। स्मार्टफोन में मैटेलिक फिनिश के साथ फ्लैट मिड-फ्रेम मिलने की जानकारी है। इसके दायीं तरफ पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल दिए गए हैं। नीचे की तरफ स्पीकर ग्रिल और USB Type-C पोर्ट मौजूद है। फोन को Breeze Blue और Burgundy Red रंगों में उपलब्ध कराया जाएगा। इसका डिजाइन सीरीज के स्टैंडर्ड मॉडल से मिलता-जुलता है।
Tecno Spark 50 5G के फीचर्स पर डालें नजर
Tecno Spark 50S 5G के सभी स्पेसिफिकेशंस अभी सामने नहीं आए हैं। ऐसे में इसके फीचर्स को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना होगा। वहीं, कुछ महीने पहले लॉन्च हुए Tecno Spark 50 5G में कंपनी ने कई प्रमुख फीचर्स दिए हैं, जिनसे सीरीज के बारे में अंदाजा मिलता है। Tecno Spark 50 5G में MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 6.78 इंच का HD+ डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 560 निट्स की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। यह स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित HiOS 16 पर चलता है। फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में f/1.85 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है।
6500mAh बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग
Tecno Spark 50 5G में 6500mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। हालांकि, Tecno Spark 50S 5G में भी यही बैटरी और चार्जिंग फीचर्स मिलेंगे या नहीं, इसकी पुष्टि कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी। नए फोन की कीमत, उपलब्धता और पूरे स्पेसिफिकेशन की जानकारी लॉन्च के दौरान सामने आ सकती है। ऐसे में बजट और फीचर्स के लिहाज से यह स्मार्टफोन किस श्रेणी में आएगा, इस पर सभी की नजर रहेगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








