नई दिल्ली। छठ महापर्व के अवसर पर आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज कोंडली छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और दिल्लीवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने यमुना के प्रदूषित पानी को लेकर चिंता जताते हुए श्रद्धालुओं से साफ पानी वाले घाटों पर ही पूजा करने की अपील की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूरी करें। साथ ही श्रद्धालुओं को सलाह दी कि वे अपने बच्चों को पूजा के लिए ऐसे घाटों पर लेकर जाएं, जहां पानी साफ हो। उन्होंने विशेष रूप से यमुना के किनारे प्रदूषित पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की। AAP नेता ने कहा कि प्रदूषित पानी का इस्तेमाल आचमन के लिए भी नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
सौरभ भारद्वाज का पलटवार
छठ पूजा के दौरान सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी नेता कपिल मिश्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कपिल मिश्रा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि वह पहले भी कई नेताओं के खिलाफ आरोप लगा चुके हैं और बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी है। भारद्वाज ने दावा किया कि कपिल मिश्रा ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और अरविंद केजरीवाल को लेकर भी इसी तरह के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि यदि कोई हाईकोर्ट को ही सरकार बताता है तो यह गलत है। इस दौरान उन्होंने कपिल मिश्रा की बयानबाजी पर भी सवाल उठाए।
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में छठ पूजा समितियों को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस साल कई छठ पूजा समितियों पर बीजेपी में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, समितियों को कथित तौर पर चेतावनी दी जा रही है कि यदि वे बीजेपी से नहीं जुड़ती हैं तो उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता बंद की जा सकती है। भारद्वाज ने कहा कि कुछ स्थानों पर सहायता राशि रोके जाने की जानकारी भी सामने आई है। उन्होंने इस स्थिति की तुलना कांवड़ यात्रा के दौरान कथित रूप से बनाए गए दबाव से की।
केजरीवाल सरकार की व्यवस्था जारी रखने की मांग
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली तत्कालीन दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए कृत्रिम घाट बनाने और पूजा समितियों को आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था शुरू की थी। उनके अनुसार, मौजूदा सरकार द्वारा इस व्यवस्था को जारी रखना एक अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के 10 साल के कार्यकाल में छठ पूजा समितियों को उनकी राजनीतिक विचारधारा या किसी पार्टी से जुड़ाव के आधार पर अलग नहीं किया गया। सभी समितियों को धार्मिक आयोजन के लिए सरकारी सहायता दी जाती रही। भारद्वाज ने मांग की कि सरकार को इस व्यवस्था को आगे भी जारी रखना चाहिए और छठ पूजा समितियों को किसी राजनीतिक दल में शामिल होने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों को राजनीति से अलग रखते हुए सभी समितियों को समान रूप से सहयोग मिलना चाहिए।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








