Rajasthan News: राजस्थान के फलोदी जिले के सुवाप गांव के वीर सपूत कैप्टन डॉ. हनुमान राम चौधरी मणिपुर में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। महज 29 साल की उम्र में उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मणिपुर में सेना का बख्तरबंद वाहन अनियंत्रित होकर इटम नदी में गिर गया था। इस दर्दनाक हादसे में कैप्टन हनुमान राम के साथ एक अन्य जवान की भी मौत हो गई, जबकि दो जवान घायल हो गए।
मणिपुर में कैसे हुआ सेना का हादसा?
जानकारी के अनुसार, कैप्टन हनुमान राम चौधरी 8वीं बिहार रेजिमेंट में तैनात थे। बुधवार 18 नवंबर को रेजिमेंट के जवानों को लेकर जा रहा सेना का बख्तरबंद वाहन मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में लामलाई थाना क्षेत्र के चैलो इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोपहर करीब 2 बजे वाहन अनियंत्रित होकर इटम नदी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन कुछ समय तक नदी के पानी में डूबा रहा। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में कैप्टन हनुमान राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल सिपाही माली जयेश हिम्मत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सिपाही राकेश सरपाटे और अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह का अस्पताल में इलाज जारी है।
मेडिकल ड्यूटी पूरी कर यूनिट लौट रहे थे कैप्टन हनुमान राम
परिजनों के मुताबिक, कैप्टन हनुमान राम मेडिकल कवर ड्यूटी पूरी करने के बाद बख्तरबंद सैन्य वाहन से अपनी यूनिट लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन पहाड़ी से नीचे नदी में जा गिरा। हादसे के समय वह वाहन के पिछले हिस्से में बैठे हुए थे। कैप्टन हनुमान राम करीब डेढ़ साल पहले ही भारतीय सेना में डॉक्टर के पद पर भर्ती हुए थे। कम उम्र में देश की सेवा का संकल्प लेकर सेना में शामिल हुए हनुमान राम की शहादत से परिवार और ग्रामीणों को गहरा सदमा पहुंचा है।
शुक्रवार को पैतृक गांव पहुंचेगी पार्थिव देह
शहीद कैप्टन डॉ. हनुमान राम की पार्थिव देह शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बेन्दों की ढाणियों पहुंचाई जाएगी। उनके चाचा पुष्पेन्द्र बेन्दा के अनुसार, पार्थिव देह को गुरुवार शाम विशेष सैन्य विमान से इंफाल से फलोदी एयरफोर्स स्टेशन लाया जाएगा।इसके बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे फलोदी से अंतिम यात्रा सड़क मार्ग से रवाना होगी। अंतिम यात्रा शैतान सिंह नगर, देणोक, मायलो की ढाणी स्कूल, छीत्तरबेरा स्थित शहीद शिवलाल स्मारक, आऊ, टेणानाडी, मुंडों की ढाणियां, राईकानाथ जी की समाधि और करणीधाम सुवाप होते हुए बेन्दों की ढाणियों पहुंचेगी। इस दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीण और क्षेत्रवासी अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
दिव्या मदेरणा और रविंद्र सिंह भाटी ने जताया दुख
कैप्टन हनुमान राम की शहादत पर राजस्थान की कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने भी दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर शहीद को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने देश की सेवा में कैप्टन हनुमान राम के समर्पण और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
मणिपुर के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
गुरुवार को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इंफाल एयरपोर्ट के एयर कार्गो टर्मिनल पर आयोजित अंतिम विदाई समारोह में कैप्टन हनुमान राम और सिपाही जयेश हिम्मत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस समारोह में सेना, असम राइफल्स, बीएसएफ और मणिपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों सैनिकों की देश के प्रति सेवाओं को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया। वहीं, सैन्य वाहन हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। राजस्थान का यह वीर सपूत भले ही अब हमारे बीच नहीं रहा, लेकिन देश की सेवा में दिया गया उसका बलिदान हमेशा याद किया जाएगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







