जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव की मतगणना से पहले ही कांग्रेस के भीतर जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के पदों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों ने अपने परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारकर इन पदों पर दावेदारी मजबूत करने की तैयारी की है। शुक्रवार को मतगणना के बाद जिला परिषद और पंचायत समितियों में बोर्ड गठन की तस्वीर साफ होगी। हालांकि, इससे पहले ही 14 से अधिक जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर नेताओं ने समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं, प्रदेश के सभी 41 जिलों में किसी न किसी पंचायत समिति में प्रधान पद हासिल करने के लिए भी कांग्रेस नेताओं की नजरें टिकी हुई हैं।
चुनाव प्रचार के बाद अब कुर्सी हासिल करने की कवायद
पंचायत चुनाव के दौरान प्रचार में ताकत लगाने के बाद अब कांग्रेस नेताओं का ध्यान जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर केंद्रित हो गया है। जयपुर में एक दिन पहले हुई बैठक के बाद कई नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात कर अपनी दावेदारी और राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की। अब नेताओं की प्राथमिकता चुनाव जीतकर आने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को अपने पक्ष में बनाए रखने की है। इसके लिए सदस्यों से संपर्क साधने और उनके स्वागत-सत्कार की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि बोर्ड गठन की प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक गतिविधियों के साथ खर्च भी बढ़ सकता है।
14 से ज्यादा जिलों में जिला प्रमुख पद पर नजर
कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने अपने परिजनों को जिला परिषद सदस्य के चुनाव में उतारा है। इसके पीछे जिला प्रमुख पद तक पहुंचने की राजनीतिक रणनीति देखी जा रही है। पार्टी में जिला स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक समर्थन जुटाने की कोशिशें चल रही हैं। हालांकि, अंतिम फैसला निर्वाचित सदस्यों के समर्थन और बोर्ड गठन के दौरान बनने वाले समीकरणों पर निर्भर करेगा।
इन जिलों में नेताओं के परिजन चुनाव मैदान में
राजस्थान के अलग-अलग जिलों में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के परिवार के सदस्य जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।
- जैसलमेर: पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के भाई अब्दुल्ला और अमरदीन फकीर जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। अमरदीन फकीर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी हैं। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव की बेटी अंजना और बेटे हरीश भी चुनाव मैदान में हैं।
- बाड़मेर: कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा जिला परिषद सदस्य के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
- जोधपुर: पूर्व सांसद बद्री जाखड़ की दोहिती जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य पंचायत समिति चुनाव में भी मैदान में हैं। पूर्व विधायक मलखान सिंह के बेटे और पूर्व विधायक हीराराम मेघवाल के बेटे महेश मेघवाल भी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।
- उदयपुर: पूर्व सांसद रघुवीर मीणा की पत्नी जिला परिषद सदस्य और पूर्व मंत्री खेमराज कटारा के बेटे विवेक कटारा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।
- दौसा: पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी और विधायक डीसी बैरवा की पत्नी जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव मैदान में हैं।
- करौली: पूर्व मंत्री रमेश मीणा के भतीजे जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं।
- सीकर: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत की पुत्रवधू जिला परिषद सदस्य के चुनाव में उतरी हैं।
- चूरू: विधायक नरेंद्र बुढ़ानिया की पत्नी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं, जबकि विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी प्रधान पद की दावेदार बताई जा रही हैं।
- बीकानेर: पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की बेटी और विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू चुनाव मैदान में हैं।
- टोंक: पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
- सवाई माधोपुर: पूर्व मंत्री अशोक बैरवा के बेटे प्रधान पद और पत्नी जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव मैदान में हैं।
- कुचामन-डीडवाना: पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी की बेटी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
- अजमेर: पूर्व विधायक महेंद्र गुर्जर की पत्नी जिला परिषद सदस्य के लिए चुनाव मैदान में हैं।
- नागौर: पूर्व मंत्री मांगीलाल डांगा के बेटे गोविंद डांगा प्रधान पद की दावेदारी कर रहे हैं।
मतगणना के बाद सामने आएगी बोर्ड गठन की तस्वीर
पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद जिला परिषद और पंचायत समितियों में सदस्यों की संख्या स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद जिला प्रमुख और प्रधान के चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। कांग्रेस नेताओं की नजर अब निर्वाचित सदस्यों के समर्थन पर है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान की पंचायत राजनीति में जिला प्रमुख और प्रधान पदों को लेकर दिलचस्प समीकरण देखने को मिल सकते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







