निवाई (टोंक)। नगरपालिका मंडल की ओर से लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास मंगलवार को रक्तांचल पर्वत की तलहटी में आयोजित एक भव्य समारोह में किया गया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि रक्तांचल पर्वत पर 80 फीट ऊंची मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। समारोह में महामंडलेश्वर संत रामकृष्ण वेदांती, विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, पालिकाध्यक्ष दिलीप ईसरानी और भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
धर्म और विकास का अद्भुत संगम
महामंडलेश्वर संत रामकृष्ण वेदांती महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन संस्कृति विश्व में साम्प्रदायिक सौहार्द और मानवीय मूल्यों की प्रतीक है। वहीं, जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार विकास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। पालिकाध्यक्ष दिलीप ईसरानी ने बताया कि रक्तांचल पर्वत पर 80 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि पूरे शहर से उनके दर्शन हो सकें और यह स्थान एक प्रमुख आस्था के केंद्र के रूप में विकसित हो।
रिमोट से किए गए शिलान्यास
वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रमुख सरोज बंसल और पालिकाध्यक्ष दिलीप ईसरानी ने रिमोट दबाकर विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर रक्तांचल पर्वत पर स्थित किलेश्वर महादेव मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्मित 1120 सीढ़ियों का भी फीता काटकर लोकार्पण किया गया।
इन प्रमुख कार्यों का हुआ शुभारंभ
इस दौरान जिन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें शामिल हैं:
-
खंडदेवता रोड से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण
-
एफसीआई गोदाम से अलियाबाद मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण
-
80 फीट रोड पर सेंट्रल पार्क का निर्माण
-
कीर कॉलोनी से जयपुर-टोंक बाईपास अर्जुन नगर तक सड़क निर्माण
कार्यक्रम के अंत में सीढ़ियों के निर्माण कार्य को पूरा करने वाले राजमिस्त्रियों और मजदूरों को मंच से सम्मानित किया गया।
मंत्री मीणा ने वीडियो कॉल से जोड़ा संबंध
वहीं, राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने वीडियो कॉल के माध्यम से निवाई की जनता को संबोधित किया। उन्होंने फलोदी में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और समारोह में शारीरिक रूप से शामिल न हो पाने पर खेद जताया। साथ ही, उन्होंने निवाई वासियों, विधायक और पालिकाध्यक्ष को इस ऐतिहासिक विकास योजना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







