दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने महज 32 गेंदों में 82 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 7 चौके शामिल रहे।
अभिषेक शर्मा ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। वह गेंदों के लिहाज से टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 6000 रन पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 3,420 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया और आंद्रे रसेल तथा टिम डेविड जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
इस सूची में न्यूजीलैंड के फिन एलेन सबसे आगे हैं, जिन्होंने 3,386 गेंदों में 6000 टी20 रन पूरे किए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल ने 3,550 गेंद और ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने 3,681 गेंदों में यह आंकड़ा पार किया था।
ईशान किशन के साथ जमाई शतकीय साझेदारी
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई। संजू सैमसन 8 गेंदों में 10 रन बनाकर अजमतुल्लाह उमरजई का शिकार हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला और अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 53 गेंदों में 121 रनों की शानदार साझेदारी की। ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वहीं अभिषेक की तूफानी 82 रन की पारी ने भारत की जीत लगभग तय कर दी।
बुमराह ने दूसरी गेंद पर दिया बड़ा झटका
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पारी की दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को पवेलियन भेजकर अफगान टीम को बड़ा झटका दिया। इसके बाद भी भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा।
कप्तान इब्राहिम जादरान 11 रन, सेदिकुल्लाह अटल 13 रन, गुलबदीन नायब 2 रन और दरवेश रसूली सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि अजमतुल्लाह उमरजई ने मोर्चा संभालते हुए 44 गेंदों में नाबाद 64 रन की शानदार पारी खेली। मोहम्मद नबी ने भी 27 गेंदों में 33 रन बनाए, जिससे अफगानिस्तान 156 रन तक पहुंच सका।
अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी
भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 3 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक सफलता मिली।
इसके बाद अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी और भारत ने 157 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल करते हुए तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








