Anti Corruption Bureau (ACB) की टोंक इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए Dr. K.N. Modi University के दो प्राध्यापकों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी ने विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष डॉ. मीनू गंगल तथा असिस्टेंट प्रोफेसर रमेश चंद मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। एसीबी महानिदेशक पुलिस Govind Gupta ने बताया कि टोंक इकाई को एक छात्र की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता बीएड दो वर्षीय पाठ्यक्रम (2024-26) का छात्र है।
परीक्षा में बैठाने के बदले मांगी रिश्वत
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों प्राध्यापक छात्र की अनुपस्थिति सही करने, मुख्य परीक्षा में बैठने की अनुमति देने और प्रवेश पत्र जारी करने के बदले 23 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
कार्यालय में ली गई रिश्वत
एसीबी के अनुसार गुरुवार को आरोपियों ने छात्र को रिश्वत राशि लेकर आने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि भुगतान के बाद परीक्षा और प्रवेश पत्र से जुड़ी सभी समस्याएं हल कर दी जाएंगी। उप महानिरीक्षक पुलिस Narayan Togas के सुपरवीजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। ट्रैप के दौरान डॉ. मीनू गंगल ने अपने कार्यालय में सहयोगी रमेश चंद मीणा को परिवादी से 20 हजार रुपए दिलवाए। रमेश चंद मीणा ने रिश्वत की रकम गिनकर अपनी पैंट की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस Smita Srivastava के सुपरवीजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इसी महीने 8 मई को एसीबी ने Dattwas Police Station में तैनात एएसआई गणेश नारायण चौधरी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उस मामले में आरोपी पुलिसकर्मी पर एक प्रकरण में राहत दिलाने और जब्त मोबाइल लौटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा था।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








