शराब कारोबार के विवाद में चली गोलियां, भरतपुर के अड्डा गांव में खूनी संघर्ष, 2 युवक घायल

भरतपुर जिले के बयाना सदर थाना क्षेत्र के अड्डा गांव में शराब कारोबार को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार रात खूनी रूप ले लिया। बेखौफ बदमाशों ने गांव में सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गांव निवासी भागचंद की किराने की दुकान पर हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष शराब कारोबार से जुड़े हुए हैं और किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के कुछ देर बाद आरोपी हथियारबंद साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान के बाहर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान खेतों से घर लौट रहे लाखन और भागचंद के रिश्तेदार पवन गोलियों की चपेट में आ गए। गोली लगते ही दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत, एक आरोपी पकड़ा

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों और पीड़ित परिवार के लोगों ने उनका पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शेरगढ़ निवासी दीवान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बयाना अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने लाखन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि पवन का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

पुलिस पर देरी से पहुंचने के आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों और पीड़ित परिवार में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। पीड़ित परिवार के सदस्य मुकेश ने आरोप लगाया कि विवाद शुरू होते ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो गोलीबारी जैसी घटना टाली जा सकती थी।

बिजली गुल होने पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान अचानक पूरे गांव की बिजली काट दी गई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। लोगों ने स्थानीय लाइनमैन की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए जांच की मांग की है।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

एडिशनल एसपी हरीराम कुमावत ने बताया कि सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया गया। पकड़े गए आरोपी दीवान को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment