बिहार विधानसभा में आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की एनडीए (NDA) सरकार अपना बहुमत साबित करने जा रही है। संख्या बल के हिसाब से सरकार सुरक्षित नजर आ रही है, लेकिन सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की हो रही है। भाजपा नेता मनीष झा के अनुसार, यह फ्लोर टेस्ट सम्राट चौधरी से कहीं ज्यादा तेजस्वी यादव के लिए अग्निपरीक्षा साबित होने वाला है।
एनडीए का पलड़ा भारी, विपक्ष में टूट का डर
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में एनडीए के पास 201 विधायकों का भारी समर्थन होने का दावा किया जा रहा है, जो बहुमत के आंकड़े से काफी ऊपर है। हालांकि, असली रोमांच महागठबंधन के खेमे में है।
महागठबंधन का वर्तमान गणित:
-
आरजेडी (RJD): 25 विधायक
-
कांग्रेस: 06 विधायक
-
वाम दल (CPIML/CPIM): 03 विधायक
-
अन्य (IIP): 01 विधायक
-
कुल: 35 विधायक
तेजस्वी यादव के लिए क्यों है यह निर्णायक परीक्षा?
सदन में बहुमत साबित करना सरकार के लिए औपचारिकता मात्र हो सकता है, लेकिन तेजस्वी यादव के लिए अपनी पार्टी को एकजुट रखना अस्तित्व की लड़ाई है: नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर संकट: नियम के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए कम से कम 25 विधायकों का समर्थन अनिवार्य है। आरजेडी के पास वर्तमान में ठीक 25 विधायक ही हैं। यदि एक भी विधायक क्रॉस-वोटिंग करता है या सदन से अनुपस्थित रहता है, तो तेजस्वी यादव से नेता प्रतिपक्ष का पद छिन सकता है। अनुशासन की चुनौती: राज्यसभा चुनाव के दौरान फैसल रहमान की अनुपस्थिति और कांग्रेस के 3 विधायकों की बगावत ने पहले ही तेजस्वी को झटका दिया है। आज उनकी नेतृत्व क्षमता की असल परीक्षा है। ‘खेला होबे’ का पुराना जख्म: 12 फरवरी 2024 को भी तेजस्वी ने ‘खेला’ होने का दावा किया था, लेकिन पाला बदलकर उनके अपने ही विधायक एनडीए में चले गए थे।
इन चार विधायकों पर टिकी हैं सबकी निगाहें
बिहार की राजनीति में चर्चा है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के कुछ विधायक ‘अंडरग्राउंड’ या नाराज बताए जा रहे हैं। यदि मतदान के दौरान महागठबंधन के संख्या बल में जरा भी गिरावट आती है, तो यह तेजस्वी यादव के राजनीतिक भविष्य और विपक्षी एकता के लिए एक बड़ा सेटबैक होगा। भाजपा नेता मनीष झा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह फ्लोर टेस्ट यह तय करेगा कि तेजस्वी अपनी टीम के कप्तान बने रहेंगे या नहीं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








