बूंदी में डैम चौकीदार सहित दो लोगों की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, 100 घंटे में पुलिस ने दबोचा

बूंदी: जिले के नमाना थाना क्षेत्र में गरड़दा डैम पर चौकीदार सहित दो लोगों पर जानलेवा हमला करने और एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को करीब 100 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ट्रक के जरिए दूसरे स्थान पर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे दबोच लिया। घटना में घायल हुए मोहनलाल भील की भी कोटा में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं और गंभीर हो गई हैं। पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा ने बताया कि 3 अगस्त को बीरमदेव पुत्र मोहनलाल मेघवाल निवासी साकरदा, थाना नमाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, मोहनलाल मेघवाल करीब दो महीने से गरड़दा डैम पर मछली ठेकेदार के पास चौकीदार के रूप में काम कर रहे थे। मोबाइल फोन बंद आने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो मोहनलाल मेघवाल उर्फ काका मृत अवस्था में मिले, जबकि मोहनलाल भील घायल हालत में पड़े थे।

शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गरड़दा डैम क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर मोहनलाल भील, मोहनलाल मेघवाल और कालू सैनी एक साथ शराब पी रहे थे। रात करीब 7 से 8 बजे के बीच खाना बनाने और शराब पीने के दौरान मोहनलाल भील और कालू सैनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर राजेंद्र सैनी उर्फ कालू पुत्र लक्ष्मण माली निवासी उपरला पाड़ा खेरुणा, थाना सदर ने पास में पड़े लकड़ी के डंडे से मोहनलाल भील के सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद मोहनलाल भील अचेत होकर चारपाई पर गिर गया। इसी दौरान मोहनलाल मेघवाल कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। झगड़ा बढ़ता देख उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला और घटना की सूचना देने के लिए फोन करने का प्रयास किया।

दूसरे व्यक्ति के सिर पर भी किया हमला

पुलिस के मुताबिक, कालू सैनी की नजर मोहनलाल मेघवाल पर पड़ी तो उसने दौड़कर उनके सिर पर भी गंभीर वार कर दिए। हमले में मोहनलाल मेघवाल भी अचेत होकर गिर पड़े। दोनों को लहूलुहान और अचेत अवस्था में देखकर आरोपी ने मौके से भागने की योजना बनाई। घटनास्थल पर मछली ठेकेदार की ओर से उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिल मौजूद थी। आरोपी रात करीब 10 बजे उसी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, भागते समय आरोपी ने मृतक मोहनलाल मेघवाल की जेब से करीब 200 रुपये निकाल लिए और उनका कीपैड मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया।

ट्रक से भागने की फिराक में था आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों को आरोपी के लाखेरी रोड क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। आरोपी लगातार अपना स्थान बदल रहा था और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने लाखेरी रोड पर उसकी पहचान कर उसे डिटेन किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी कालू सैनी उर्फ राजेंद्र को लाखेरी से पकड़कर थाना नमाना लाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रक में बैठकर किसी दूसरे स्थान पर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसके स्थान बदलने से पहले ही उसे पकड़ लिया।

घायल मोहनलाल भील की भी मौत

घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मोहनलाल भील को उपचार के लिए कोटा ले जाया गया था। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह इस वारदात में अब दो लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment