अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ने शानदार जीत दर्ज की। ब्रेडी क्रिकेट क्लब में बारिश से प्रभावित मुकाबले में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 92 रन से हरा दिया। इस जीत के हीरो पूर्व कप्तान और स्टार स्पिनर राशिद खान रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। राशिद खान की इस शानदार गेंदबाजी के साथ ही वनडे क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया।
राशिद खान ने रचा इतिहास
राशिद खान वनडे क्रिकेट की एक पारी में तीन बार 6 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के पहले स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 34 रन देकर 6 विकेट झटके। राशिद से पहले वनडे करियर में दो बार 6 विकेट लेने वाले स्पिनरों की सूची में वानिंदु हसरंगा, इमरान ताहिर, शाहिद अफरीदी, अकिला धनंजय, संदीप लामिछाने और अजंता मेंडिस जैसे दिग्गज शामिल थे।राशिद ने तीसरी बार 6 विकेट लेकर इन सभी को पीछे छोड़ दिया और वनडे क्रिकेट में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
बारिश के कारण मैच हुआ 47 ओवर का
सीरीज का पहला वनडे मुकाबला बारिश के कारण बिना टॉस के ही रद्द हो गया था। दूसरे मैच में भी खराब मौसम का असर देखने को मिला। बारिश के चलते मुकाबला देर से शुरू हुआ और इसे घटाकर 47 ओवर प्रति पारी कर दिया गया।इब्राहिम जादरान की कप्तानी में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 47 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 299 रन बनाए। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड के सामने मजबूत लक्ष्य रखा।
207 रन पर सिमटी आयरलैंड की टीम
300 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर आयरलैंड पर दबाव बनाए रखा।राशिद खान की फिरकी के सामने आयरलैंड के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम 33.4 ओवर में 207 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह अफगानिस्तान ने मुकाबला 92 रन से अपने नाम कर लिया।राशिद खान ने अकेले 6 विकेट लेकर आयरलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने पांच मैचों की सीरीज में मजबूत शुरुआत की है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








