CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म, CM भजनलाल ने बुलाई कानून व्यवस्था पर हाईलेवल बैठक

जयपुर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से राजस्थान सरकार को दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद जयपुर में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बगरू के कंवरापुरा प्राथमिक विद्यालय में CJP कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ के मामले को लेकर संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। अल्टीमेटम की समयसीमा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत समेत पुलिस और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

CM भजनलाल ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी संगठन या समूह को सरकारी व्यवस्था में बाधा डालने अथवा माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संभावित विरोध प्रदर्शन और बेमियादी धरने की आशंका को देखते हुए जयपुर और आसपास के इलाकों में पुलिस और खुफिया तंत्र को भी अलर्ट किया गया है।

CJP ने दी थी बेमियादी धरने की चेतावनी

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कंवरापुरा मामले में कथित हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जयपुर में दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर बेमियादी धरना शुरू करने की चेतावनी दी थी। संगठन का कहना है कि उसके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़े गए। CJP आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

आशुतोष रांका ने फिर शेयर किया वीडियो

अल्टीमेटम खत्म होने के बाद आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर घटना का कथित अनएडिटेड वीडियो दोबारा शेयर किया। उन्होंने राजस्थान पुलिस और मुख्यमंत्री को टैग करते हुए सवाल उठाया कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल नजर आ रहे लोगों की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई। रांका ने कहा कि यदि पुलिस के पास CJP के किसी सदस्य, उनके समेत, के हिंसा में शामिल होने का कोई प्रमाण है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए और संबंधित सबूत सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान को अराजक राज्य नहीं बनने दिया जाएगा।

क्रॉस FIR की जांच के निर्देश

कंवरापुरा मामले में दोनों पक्षों की ओर से दर्ज क्रॉस FIR की निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से संभावित धरने और प्रदर्शन को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

वहीं, CJP के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान से जुड़े कंवरापुरा प्राथमिक विद्यालय के लिए 18 लाख रुपये का बजट मंजूर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अब अल्टीमेटम खत्म होने के बाद CJP की अगली रणनीति और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment