Dholpur News: धौलपुर में जमीन विवाद ने छीनी पिता-पुत्र की जान, कुएं में कूदा परिवार; मां को बचाया गया

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब जमीन विवाद से परेशान एक परिवार के तीन सदस्य कुएं में गिर गए। इस दर्दनाक घटना में पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पिता-पुत्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन विवाद के चलते कुएं में गिरे परिवार के तीन सदस्य

कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के अनुसार, घटना रविवार रात की है। पप्पू उर्फ सुरेश पुत्र देवीराम, उनकी पत्नी सरोज और बेटा इंद्रेश कुएं में गिर गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

कार्यवाहक सीओ धर्म सिंह मीणा और थाना प्रभारी रामकिशन यादव भी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस जवानों ने कुएं में सीढ़ियां डालकर एक जवान को नीचे उतारा। इसके बाद सीढ़ी और रस्सी की मदद से 55 वर्षीय सरोज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। महिला को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, सुरेश और उनके बेटे इंद्रेश के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।

10 दिन से जमीन विवाद को लेकर परेशान थे सुरेश

मृतक के बड़े बेटे राजेश ने बताया कि उनके खेत के पास मंदिर की जमीन है और मंदिर ट्रस्ट खेत के कुछ हिस्से पर अपना दावा कर रहा है। इस जमीन को लेकर अजमेर के न्यायालय में भी मामला चल रहा है। राजेश के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों से उनके पिता सुरेश जमीन विवाद को लेकर काफी परेशान थे।

परिवार की ओर से बताई गई घटना के अनुसार, दीपावली की रात सुरेश खेत में टहल रहे थे। इसी दौरान वह कुएं में गिर गए। उन्हें बचाने के प्रयास में छोटा बेटा इंद्रेश और पत्नी सरोज भी कुएं में गिर गए। हादसे में सुरेश और इंद्रेश की जान चली गई, जबकि सरोज को सुरक्षित बचा लिया गया।

परिवाद में भू-माफिया और मंदिर के पुजारी पर लगाए आरोप

घटना के बाद सोमवार सुबह सरोज और बड़े बेटे राजेश की ओर से पुलिस थाने में परिवाद दिया गया। इसमें सुरेश के पूर्वजों की खातेदारी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का उल्लेख किया गया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से भू-माफिया और मंदिर के पुजारी की ओर से मुकदमा शुरू कराया गया था।

परिवाद के अनुसार, वर्ष 2019 में राजस्व बोर्ड से फैसला आने के बाद सुरेश ने हाईकोर्ट जयपुर में अपील करने की तैयारी की थी। आरोप है कि महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान उनके घर आए और हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया।

परिवार का आरोप है कि सुरेश से अपील के बजाय राजस्व बोर्ड में रिव्यू पेश करवाया गया और जमीन का बंटवारा भी करा दिया गया। परिवाद में यह भी कहा गया है कि करीब 10 महीने पहले आरोपियों ने सुरेश को खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी करीब 40 लाख रुपये की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगा दी। ये सभी आरोप परिवार की ओर से दिए गए परिवाद में लगाए गए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

पिता-पुत्र की मौत से परिवार में मचा कोहराम

सुरेश खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे राजेश और इंद्रेश तथा तीन बेटियां रीना, ज्योति और संजना हैं। दीपावली की रात हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक तरफ पिता और छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मां सरोज भी इस हादसे के बाद सदमे में हैं। फिलहाल, पुलिस ने परिवाद के आधार पर जमीन विवाद और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। मामले में जांच के बाद ही विवाद से जुड़े आरोपों और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment