[the_ad id="102"]

धौलपुर में डंपर का कहर: बाइक सवार मां-बेटी और मामा की हादसे में मौत, तीनों यूपी से एमपी जा रहे थे

धौलपुर। राजस्थान में डंपर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जयपुर में 13 लोगों की जान लेने वाले हादसे के महज दो दिन बाद बुधवार को धौलपुर जिले में एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मनियां थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया।

यूपी से एमपी जा रहे थे परिवार के तीन सदस्य

पुलिस जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मनोज (38 साल), उनकी भांजी लाडो (26 साल) और लाडो की दो साल की बेटी के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सैंया क्षेत्र से मध्य प्रदेश के मुरैना जा रहे थे। वे अपने गांव लौट रहे थे कि इसी दौरान धौलपुर में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर हुई दो की मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लाडो और उसकी नन्ही बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज ने इलाज के दौरान अस्पताल में ही अपनी आखिरी सांसें लीं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक हुई मौत से इलाके में मातम छा गया है।

डंपर जब्त, हेल्पर गिरफ्तार

पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है और मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को डंपर का हेल्पर बता रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और हादसे के सभी पहलुओं पर विचार कर रही है।

जयपुर हादसे के बाद दूसरा बड़ा मामला

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एक बेकाबू डंपर ने भीषण तबाही मचाई थी, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। अब धौलपुर में हुआ यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहन चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। लगातार हो रहे इन हादसों ने राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर नए सिरे से बहस छेड़ दी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत