डोटासरा का आरोप: शिक्षा मंत्री दिलावर ने जाति देखकर किए तबादले

राजस्थान शिक्षा विभाग में हाल ही में हुए बड़े पैमाने पर प्रिंसिपलों के तबादले अब सियासी बवाल का कारण बन गए हैं। सोमवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी आदेश में कुल 4527 प्रिंसिपलों के तबादले किए गए, जिसे शिक्षा विभाग का बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। लेकिन इस सूची को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने मौजूदा शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह तबादले जाति के आधार पर और राजनीतिक द्वेष से किए गए हैं।

यह राजनीतिक द्वेष का नतीजा है

डोटासरा ने कहा, “दिलावर साहब से आप क्या अपेक्षा कर सकते हैं। मेरे लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में 2019 में कांग्रेस सरकार के समय लगाए गए प्रिंसिपल को हटा दिया गया है। यह कहकर कि ये डोटासरा के लगाए हुए हैं, उन सभी को जालोर, सिरोही और बाड़मेर भेज दिया गया। इस तरह न तो वे वहां मन से काम कर पाएंगे और न ही यहां।” उन्होंने आगे मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लिया जाए, क्योंकि सरकारी कर्मचारी किसी व्यक्ति के नहीं बल्कि अपने कार्य के होते हैं।

जाति विशेष को टार्गेट किया गया”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि तबादलों में जाति विशेष को भी निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा, “मेरे यहां से करीब 60-65 लोग ट्रांसफर किए गए हैं। ऐसी राजनीतिक दुर्भावना मैंने अपने जीवन में कभी नहीं देखी। लेकिन दिलावर साहब तो दिलावर साहब हैं… भाजपा उनकी हरकतों को कैसे सहन कर रही है, यह मेरी समझ से परे है।”

शिक्षा विभाग में उथल-पुथल

इन तबादलों को शिक्षा विभाग के हाल के वर्षों का सबसे बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। अब यह विवाद मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया और भाजपा नेतृत्व के रुख पर निर्भर करेगा।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment