iQOO Z11 Lite भारत में इस दिन होगा लॉन्च, ₹20,000 से कम कीमत में मिलेगा 6,500mAh बैटरी और 50MP कैमरा

नई दिल्ली। iQOO भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपने नए बजट 5G स्मार्टफोन iQOO Z11 Lite को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि यह स्मार्टफोन 24 जुलाई को भारत में लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले ही इसके कई प्रमुख फीचर्स सामने आ चुके हैं। बड़ी बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और MediaTek Dimensity प्रोसेसर के साथ आने वाला यह फोन खासतौर पर स्टूडेंट्स और वैल्यू-फॉर-मनी स्मार्टफोन तलाश रहे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon पर इस स्मार्टफोन के लिए माइक्रोसाइट भी लाइव हो चुकी है, जिससे इसके लॉन्च की पुष्टि हो गई है। कंपनी के मुताबिक, iQOO Z11 Lite की शुरुआती कीमत 20,000 रुपये से कम होगी, जिससे यह मिड-रेंज 5G सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बन सकता है।

फोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी मिलेगी, जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर लगभग 20 घंटे तक सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग और 80 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक किया जा सकेगा। इसके साथ 44W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा। कंपनी के अनुसार, सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग से लगभग 8 घंटे की कॉलिंग या 7.2 घंटे तक वीडियो प्लेबैक किया जा सकेगा। iQOO Z11 Lite में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जाएगा। कंपनी का दावा है कि इस चिपसेट के साथ फोन ने AnTuTu बेंचमार्क पर 5.79 लाख से अधिक स्कोर हासिल किया है, जिससे बेहतर गेमिंग और मल्टीटास्किंग प्रदर्शन मिलने की उम्मीद है।

डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाला पैनल मिलेगा, जिसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक होगी। फोटोग्राफी के लिए फोन में 50 मेगापिक्सल का Sony प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा। हालांकि, दूसरे कैमरे के सेंसर की जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलेगा। कंपनी ने इसके लिए दो साल के Android OS अपग्रेड और चार साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। फोन को Solar Flame और Midnight Blue जैसे दो रंगों में उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा, iQOO जल्द ही भारतीय बाजार में iQOO Z11 भी लॉन्च कर सकता है। हालांकि यह स्मार्टफोन पहले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध है, लेकिन भारत में आने वाला इसका वर्जन हार्डवेयर के मामले में अलग हो सकता है। चीन में लॉन्च किए गए मॉडल में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर दिया गया है, जबकि मलेशिया में उपलब्ध वेरिएंट Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट के साथ आता है। फिलहाल सभी की नजरें 24 जुलाई के लॉन्च इवेंट पर हैं, जहां iQOO Z11 Lite की कीमत, स्टोरेज वेरिएंट और अन्य फीचर्स से आधिकारिक तौर पर पर्दा उठेगा।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment