दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है। मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 79 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिए हैं। ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार शतक जड़ते हुए कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर ली हैं। ईशान किशन ने अपनी पारी के दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4000 रन का आंकड़ा पार करने के साथ अपना 10वां शतक भी पूरा किया। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ फाइनल में मजबूत स्थिति बना ली है।
ईशान किशन ने पूरे किए 4000 फर्स्ट क्लास रन
मुकाबले से पहले ईशान किशन के नाम 66 प्रथम श्रेणी मैचों की 108 पारियों में 39.52 की औसत से 3952 रन दर्ज थे। साउथ जोन के खिलाफ फाइनल में 49 रन बनाते ही उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4000 रन पूरे कर लिए। इसके बाद शतक पूरा करते ही ईशान ने इस फॉर्मेट में अपने 10 शतक भी पूरे कर लिए। उनके नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अब 19 अर्धशतक भी दर्ज हैं। इस फॉर्मेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 273 रन है।
वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने दी शानदार शुरुआत
ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए पहले विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 37 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाए। इसके बाद वह मिलिंद की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद 133 रन के स्कोर पर ईस्ट जोन को दूसरा झटका लगा। अभिमन्यु ईश्वरन 86 गेंदों में 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 72 रन बनाकर रन आउट हो गए।
ईशान किशन ने संभाली पारी
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद ईशान किशन ने पारी को संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने साउथ जोन के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए शानदार शतक पूरा किया। ईस्ट जोन को 147 रन के स्कोर पर तीसरा झटका सुदीप कुमार के रूप में लगा। सुदीप सिर्फ 6 रन बनाकर तिरुपूरना विजय का शिकार बने। इसके बाद शिखर मोहन ने ईशान का साथ दिया और दोनों ने टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। ईस्ट जोन को 241 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा। शिखर मोहन 120 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए।
111 रन बनाकर नाबाद लौटे ईशान
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने 385 रन बना लिए थे। कप्तान ईशान किशन 135 गेंदों में 14 चौकों और 1 छक्के की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ कुमार कुशाग्र भी 75 गेंदों में 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। साउथ जोन की ओर से चामा वी मिलिंद ने दो विकेट हासिल किए, जबकि तिरुपूरना विजय को एक सफलता मिली। फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन ने जिस तरह बल्लेबाजी की है, उससे टीम ने खिताबी मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब दूसरे दिन साउथ जोन के गेंदबाजों के सामने ईस्ट जोन को जल्द समेटने की चुनौती होगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








