जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिट्टी में गड़ा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हरचंदपुरा-अरनिया नदी क्षेत्र में मिले शव की पहचान हरचंदपुरा निवासी राकेश जाट (33) पुत्र सुगला राम जाट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और शव को ले जाने का विरोध किया, हालांकि बाद में पुलिस ने समझाइश और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
सड़क किनारे हत्या कर 300 मीटर तक घसीटा शव
जानकारी के अनुसार राकेश जाट अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी और घरेलू कार्य करता था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और अविवाहित था। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहले उसकी हत्या की और फिर शव को सड़क किनारे से करीब 300 मीटर दूर नदी क्षेत्र तक घसीटकर ले गए। वहां एक विद्युत पोल के पास गड्ढा खोदकर शव को मिट्टी में दबा दिया गया। पुलिस को आशंका है कि मृतक ने किसी आपराधिक घटना को देखा हो सकता है या फिर किसी अन्य कारण से उसकी हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। मामले की जांच विभिन्न एंगल से की जा रही है।
मिट्टी से बाहर दिखी पैंट, ऐसे हुआ खुलासा
हत्यारे शव को पूरी तरह छिपाना चाहते थे, लेकिन जल्दबाजी में मृतक की पैंट का एक हिस्सा मिट्टी से बाहर रह गया। रविवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने मिट्टी से बाहर कपड़ा दिखाई देने के साथ ही आसपास खून के निशान देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक के सिर और गले पर चोट के निशान पाए गए। आसपास घसीटने के स्पष्ट निशान भी मिले, जिससे हत्या के बाद शव को दूसरी जगह ले जाने की आशंका मजबूत हुई।
रातभर तलाश करते रहे परिजन
चंदवाजी थानाधिकारी हीरालाल सैनी ने बताया कि राकेश जाट शनिवार देर शाम बिना बताए घर से निकल गया था। रात करीब 8 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह ग्रामीण जब नदी की ओर गए तो उन्हें ताजा खुदी मिट्टी, खून के निशान और घसीटने के निशान दिखाई दिए। आगे विद्युत पोल के पास नई मिट्टी डालकर गड्ढा भरा हुआ मिला। शक होने पर लोगों ने मिट्टी हटाई तो पैंट का हिस्सा नजर आया और शव दबा होने की आशंका के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने गठित की विशेष टीमें
घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह, जमवारामगढ़ उपाधीक्षक और चंदवाजी थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मिट्टी हटाकर शव को बाहर निकाला गया। जयपुर से पहुंची एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए निम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








