जयपुर: सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच में बेटी बनी मां की कातिल, 7 लाख की सुपारी दे एक्सीडेंट का रूप दिया

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रताप नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक संपत्ति और अनुकंपा सरकारी नौकरी के लालच में एक कलयुगी बेटी ने अपनी ही मां की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। पुलिस जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के लिए बकायदा 7 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी।

नौकरी और करोड़ों की संपत्ति को लेकर था विवाद

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट कॉलोनी के रहने वाले विजय वशिष्ठ उर्फ विजय शर्मा का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। उनके परिवार में पत्नी नीरज शर्मा, बेटी आयुषी शर्मा और एक मानसिक रूप से दिव्यांग बेटा है। विजय शर्मा के निधन के बाद उनकी जगह अनुकंपा नियुक्ति (सरकारी नौकरी) का मामला आया। बेटी आयुषी खुद वह नौकरी पाना चाहती थी, लेकिन परिवार ने दिव्यांग बेटे की देखभाल और भविष्य को देखते हुए मां नीरज शर्मा को नौकरी दिलाने का फैसला किया। बस इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद और दूरियां बढ़ती चली गईं।

चचेरे भाई के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश

मां से विवाद बढ़ने के बाद आयुषी अपने चचेरे भाई के साथ रहने चली गई थी। आरोप है कि वहीं पर उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इसके बदले उसने आरोपियों को करोड़ों रुपए की जमीन और पुश्तैनी संपत्ति देने का लालच दिया।पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी एक बार वाहन से कुचलकर नीरज शर्मा को मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह नाकाम रही। इसकी भनक लगने पर मां नीरज शर्मा ने अपने घर पर सुरक्षा के इंतजाम भी बढ़ा दिए थे, लेकिन आरोपी लगातार घात लगाए बैठे थे।

पुलिस समझती रही एक्सीडेंट

बीती 4 जुलाई को जब नीरज शर्मा अपने दिव्यांग बेटे को फिजियोथेरेपी करवाकर घर लौट रही थीं, तभी पहले से रेकी कर रहे आरोपियों के इशारे पर एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान नीरज शर्मा की मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस को यह एक सामान्य हिट एंड रन (सड़क दुर्घटना) का मामला लगा। लेकिन जब प्रताप नगर थाना पुलिस ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। फुटेज में वारदात से पहले और बाद में कुछ गाड़ियों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने साजिश की परत दर परत खोल दी। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटी समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment