जयपुर की हॉट सीटों पर टिकी निगाहें, इन वार्डों के नतीजे तय कर सकते हैं नए महापौर की तस्वीर

जयपुर में निकाय चुनाव के लिए मतदान पूरा होने के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं। खासतौर पर शहर की उन हॉट सीटों पर चर्चा तेज हो गई है, जहां भाजपा और कांग्रेस के बड़े चेहरे आमने-सामने हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि इन चर्चित वार्डों के नतीजे जयपुर नगर निगम की नई राजनीतिक तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यहां जीत दर्ज करने वाले प्रमुख चेहरों में से किसी एक के सिर महापौर का ताज सजने की संभावनाओं को लेकर भी अटकलें तेज हैं।

वार्ड 76 में पुनीत कर्णावट बनाम प्रदीप जैन

वार्ड 76 में भाजपा के पुनीत कर्णावट और कांग्रेस के प्रदीप जैन के बीच सीधा मुकाबला है। इस वार्ड में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा और कुल 54.85 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कम मतदान ने दोनों ही खेमों के चुनावी समीकरणों को उलझा दिया है। अब परिणाम आने के बाद ही साफ होगा कि कम मतदान का फायदा किस प्रत्याशी को मिला।

वार्ड 43 में भी कांटे की टक्कर

सांगानेर क्षेत्र के वार्ड 43 में भाजपा के शैलेन्द्र भार्गव और कांग्रेस के आशीष शर्मा के बीच मुकाबला है। यहां भी मतदाताओं में मतदान को लेकर ज्यादा उत्साह नजर नहीं आया और मतदान प्रतिशत 53.65 प्रतिशत रहा। दोनों दलों के समर्थक अब अपने-अपने प्रत्याशी की जीत का दावा कर रहे हैं।

वार्ड 112 सबसे चर्चित सीटों में शामिल

वार्ड 112 को इस चुनाव की सबसे हॉट सीटों में गिना जा रहा है। यहां 67.82 प्रतिशत मतदान हुआ है। भाजपा ने सुनील कोठारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से आशीष शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। अपेक्षाकृत ज्यादा मतदान के कारण इस सीट के परिणाम को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों की नजर बनी हुई है।

वार्ड 110 में पूर्व महापौर की प्रतिष्ठा दांव पर

पूर्व महापौर और भाजपा प्रत्याशी ज्योति खंडेलवाल वार्ड 110 से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस की सुनीता मेठी से है। इस वार्ड में 64.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ज्योति खंडेलवाल के चुनाव मैदान में होने के कारण यह सीट भी खास चर्चा में बनी हुई है।

वार्ड 135 में 71 फीसदी से ज्यादा मतदान

वार्ड 135 में भाजपा के विमल कुमार अग्रवाल और कांग्रेस के रवि कुमार शर्मा के बीच मुकाबला है। यहां मतदाताओं ने अच्छी संख्या में मतदान किया और कुल 71.13 प्रतिशत वोट पड़े। ऐसे में इस सीट का परिणाम भी दोनों प्रमुख दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन वार्डों में 74 प्रतिशत से ज्यादा मतदान

जयपुर के कई वार्डों में मतदाताओं ने जमकर वोट डाले। वार्ड 150 में सबसे ज्यादा 83.70 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा वार्ड 148 में 81.95 प्रतिशत, वार्ड 149 में 79.97 प्रतिशत, वार्ड 126 में 79.60 प्रतिशत, वार्ड 117 में 79.51 प्रतिशत और वार्ड 1 में 79.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड 146 में 78.32 प्रतिशत, वार्ड 61 में 77.58 प्रतिशत और वार्ड 51 में 75.03 प्रतिशत वोट पड़े। वार्ड 128 में भी 73.16 प्रतिशत मतदान हुआ।

इन वार्डों में 50 फीसदी से भी कम मतदान

दूसरी ओर शहर के कुछ वार्ड ऐसे भी रहे, जहां मतदान प्रतिशत काफी कम रहा। वार्ड 100 में केवल 40.43 प्रतिशत मतदान हुआ, जो सबसे कम मतदान वाले वार्डों में रहा। वार्ड 66 में 47.28 प्रतिशत, वार्ड 42 में 47.80 प्रतिशत, वार्ड 90 में 48.40 प्रतिशत और वार्ड 41 में 48.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड 75 में 50.81 प्रतिशत और वार्ड 123 में 51.49 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

अब मतदान के बाद इन सभी सीटों के प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद है। खासकर भाजपा और कांग्रेस के बड़े चेहरों वाली हॉट सीटों के परिणाम पर पूरे जयपुर की नजर रहेगी। इन नतीजों से न केवल वार्ड स्तर पर राजनीतिक तस्वीर साफ होगी, बल्कि जयपुर के अगले महापौर को लेकर चल रही अटकलों को भी दिशा मिल सकती है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment