Karnataka में मुख्यमंत्री पद से Siddaramaiah के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भीतर नए नेतृत्व को लेकर हलचल तेज हो गई है। नए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट गठन को लेकर पार्टी नेताओं के बीच लगातार बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Satish Jarkiholi ने अपने नाम को लेकर चल रही अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान जो भी फैसला करेगा, सभी नेता उसे स्वीकार करेंगे।
दिल्ली में होगी अंतिम चर्चा
सतीश जरकीहोली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री D. K. Shivakumar दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि वहां जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे सभी नेता मानेंगे। जरकीहोली ने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि सिद्धारमैया जी और डीके शिवकुमार दिल्ली जा रहे हैं। वे पार्टी नेताओं के साथ बातचीत करेंगे और वहां जो फैसला होगा, हम सभी उसे स्वीकार करेंगे। मुख्यमंत्री के लौटने के बाद दिल्ली में हुई चर्चाओं की जानकारी साझा की जाएगी, जिसके बाद आगे का निर्णय होगा।”
मंत्री पद की दौड़ से खुद को किया अलग
नई सरकार में मंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी सतीश जरकीहोली ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल कैबिनेट गठन को लेकर कोई आधिकारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है और वे खुद किसी पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं खुद कोई दावेदार नहीं हूं। अभी कैबिनेट को लेकर चर्चाएं शुरू भी नहीं हुई हैं। जब चर्चा होगी, तब सभी अपनी राय रखेंगे। फिलहाल जो भी फैसला होगा, वह सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच होने वाली बातचीत के आधार पर तय किया जाएगा।”
कितने होंगे डिप्टी सीएम?
कर्नाटक की नई सरकार में कितने उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, इसको लेकर भी सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। इस सवाल पर जरकीहोली ने कहा कि अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है और अगले एक-दो दिनों में स्थिति स्पष्ट हो सकती है।उन्होंने कहा, “मुझे फिलहाल कोई अंदाजा नहीं है कि कितने डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे या नहीं। हमें इंतजार करना होगा। संभव है कि सोमवार या मंगलवार तक सारी प्रक्रिया पूरी हो जाए।”
दिल्ली में हाईकमान से मिले सिद्धारमैया
इसी बीच शुक्रवार को राजनीतिक गतिविधियां बेंगलुरु से लेकर दिल्ली तक तेज रहीं। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कर्नाटक के नए नेतृत्व, राज्यसभा चुनाव और संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस अब ऐसा फार्मूला तैयार करने में जुटी है जिससे पार्टी के विभिन्न गुटों के बीच संतुलन बना रहे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







