कोटा। राजस्थान के कोटा जिले के सीमलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को महज आठ घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। दोनों मामलों में मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना में शराब के नशे में एक भाई ने अपने सगे भाई की हत्या कर दी, जबकि दूसरी वारदात में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
पहली घटना सीमलिया थाना क्षेत्र के मोतिकुआ गांव की है। पुलिस के अनुसार हेमराज और उसका 45 वर्षीय भाई राजू लश्करी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर हेमराज ने पास में पड़ी लकड़ी उठाकर राजू पर हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हेमराज को कुछ ही समय में हिरासत में ले लिया।
पहली घटना की जांच चल ही रही थी कि मंडोला गांव से दूसरी हत्या की सूचना मिल गई। यहां दो पड़ोसियों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए अंकुर श्रंगी ने अपने 58 वर्षीय पड़ोसी बद्रीलाल मीणा पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बद्रीलाल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी अंकुर श्रंगी पेशे से सुनार है और उसकी ज्वेलरी की दुकान है।
एक ही दिन में दो हत्याओं की खबर से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों के आरोपियों को करीब आधे घंटे के भीतर डिटेन कर लिया। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि दोनों हत्या के मामलों में आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनाओं के कारणों और सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







