Pakistan Lies Exposed: टी20 वर्ल्ड कप 2026 विवाद में झूठे दावों की खुली पोल, क्रिकेट जर्मनी की पोस्ट ने किया बड़ा खुलासा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। इस टकराव के बीच अब पाकिस्तान की ओर से फैलाई जा रही भ्रामक खबरें भी सामने आने लगी हैं। पाकिस्तानी मीडिया ने आईसीसी और बीसीसीआई पर दबाव बनाने की कोशिश में ऐसे दावे किए, जिनकी सच्चाई अब सार्वजनिक रूप से उजागर हो चुकी है।

पाकिस्तानी मीडिया ने बढ़ाया भ्रम

दरअसल, 15 फरवरी को पाकिस्तानी चैनल ARY News पर पत्रकारों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स की एक पैनल चर्चा के दौरान यह दावा किया गया कि भारत-पाकिस्तान मैच के बॉयकॉट संकट को सुलझाने के लिए आईसीसी के शीर्ष अधिकारी भारत पहुंच चुके हैं। इस चर्चा में नियमित रूप से क्रिकेट से जुड़े शो में दिखने वाले नोमान नियाज ने दावा किया कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह और सीईओ संजोग गुप्ता मुंबई में मौजूद हैं और इस मुद्दे पर इमरजेंसी मीटिंग चल रही है। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि भारत-पाकिस्तान मैच न होने की स्थिति में ब्रॉडकास्टर्स को भारी नुकसान होगा और इसी वजह से स्टेकहोल्डर्स घबराए हुए हैं। पैनल चर्चा के दौरान इसे “ब्रेकिंग न्यूज” बताते हुए पेश किया गया, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की गई कि आईसीसी और बीसीसीआई पाकिस्तान के फैसले से दबाव में हैं।

शो में किया गया ‘सफेद झूठ’

ARY News के शो में यह तक कहा गया कि आईसीसी के नियमों—खासतौर पर आर्टिकल 2.9, 2.10 और 11.2—के तहत कमर्शियल वैल्यू बनाए रखना जरूरी है और यदि पाकिस्तान ने अपनी जिम्मेदारियों का पालन नहीं किया तो उसे 20 से 40 मिलियन डॉलर तक का नुकसान हो सकता है। हालांकि साथ ही यह भी जोड़ा गया कि ऐसा नुकसान शायद नहीं होगा क्योंकि “बातचीत” के जरिए कोई रास्ता निकाला जाएगा। इन दावों के जरिए यह संकेत देने की कोशिश की गई कि भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पर्दे के पीछे बड़ी हलचल चल रही है और आईसीसी मजबूरी में समाधान खोज रहा है।

क्रिकेट जर्मनी ने खोली पोल

पाकिस्तानी मीडिया के इन दावों पर उस समय पूरी तरह से पानी फिर गया, जब क्रिकेट जर्मनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में साफ तौर पर बताया गया कि क्रिकेट जर्मनी के प्रेसिडेंट सेवेरिन वीब और वाइस प्रेसिडेंट डॉ. विग्नेश शंकरन की मुलाकात आईसीसी चेयरमैन जय शाह और सीईओ संजोग गुप्ता से हुई है। पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह मुलाकात जर्मनी में क्रिकेट के विकास, साझा विजन और भविष्य की योजनाओं को लेकर थी। इस बयान से यह साफ हो गया कि जिस “इमरजेंसी मीटिंग” का दावा पाकिस्तानी मीडिया कर रहा था, वह भारत में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर नहीं, बल्कि जर्मन क्रिकेट के विकास से जुड़ी एक सामान्य और पूर्व निर्धारित बैठक थी।

झूठे नैरेटिव पर उठे सवाल

क्रिकेट जर्मनी की इस पोस्ट के सामने आने के बाद पाकिस्तानी मीडिया के दावों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के मैच के बहिष्कार से पैदा हुए दबाव को कम दिखाने और घरेलू दर्शकों को गुमराह करने के लिए इस तरह की खबरें फैलाई जा रही हैं। फिलहाल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत-पाकिस्तान विवाद पर आईसीसी की ओर से कोई आपात बयान नहीं आया है। लेकिन इतना तय है कि इस पूरे मामले में झूठे दावों की पोल खुलने से पाकिस्तान की स्थिति और असहज होती नजर आ रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment