बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ इलाके में गुरुवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। उमानाथ गंगा घाट पर तेज हवा के चलते एक नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के समय नाव पर करीब 15 लोग सवार थे, जो दियारा क्षेत्र में सब्जी तोड़ने के लिए जा रहे थे। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
तेज हवा बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाव गंगा नदी पार कर दियारा इलाके की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और नाव का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते नाव पलट गई और उसमें सवार सभी लोग नदी में गिर पड़े। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार गूंज उठी। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सात लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक महिला और एक युवक का शव बरामद किया गया है। पांच अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह, एसडीएम गरिमा लोहिया, सीडीपीओ रामकृष्ण और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कराया। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF की टीम को भी बुलाया गया है। घटना के बाद हादसे के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया था। कुछ लोगों ने नाविक की लापरवाही को भी दुर्घटना की वजह बताया है। बताया जा रहा है कि नाव में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और न ही यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट मौजूद थीं।
गंगा नदी के जरिए हर दिन बड़ी संख्या में मजदूर और किसान दियारा इलाके में काम के लिए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी नावों में जरूरत से ज्यादा लोगों को बैठाया जाता है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई निगरानी नहीं की जाती। इस हादसे के बाद नदी में सुरक्षित नाव संचालन को लेकर प्रशासन की तैयारियों और दावों पर सवाल खड़े होने लगे हैं प्रशासन के अनुसार, नाव पर सवार अधिकांश लोग समस्तीपुर जिले के रहने वाले थे। वे खेती और सब्जी तोड़ने के काम से नदी पार कर रहे थे। जिला प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








