पेंशन पर आफत! राजस्थान के 53,000 बुजुर्गों की पेंशन खतरे में, जानिए पूरी वजह

राजसमंद। राजस्थान में हजारों पेंशनर्स की पेंशन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। निर्धारित समय सीमा तक जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कराने वाले प्रदेश के 53 हजार से अधिक पेंशनर्स की पेंशन प्रभावित होने वाली है। नियमों के अनुसार, ऐसे पेंशनर्स को फरवरी माह की पेंशन तो मिल जाएगी, लेकिन मार्च 2026 से उनकी पेंशन रोक दी जाएगी।राजस्थान राज्य सेवा निवृत अधिकारी कर्मचारी महासंघ के संभाग महामंत्री प्रभु गिरि गोस्वामी ने बताया कि वित्त विभाग की ओर से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 तय की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पेंशनर्स इस प्रक्रिया को समय पर पूरा नहीं कर सके, जिसके चलते अब पेंशन रोके जाने की स्थिति बन गई है।

राजसमंद जिले में 510 पेंशनर्स पर असर

राजसमंद जिले में करीब 510 पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनधारक ऐसे हैं, जिन्होंने निर्धारित तिथि तक जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कराया। इन सभी की पेंशन मार्च महीने से बंद की जा सकती है। जिला अध्यक्ष घनश्याम जोशी और जिला महामंत्री सत्यनारायण व्यास के अनुसार, विभागीय रिकॉर्ड में प्रदेशभर में कुल 5,89,745 पेंशनर्स में से 53,258 पेंशनर्स अभी भी जीवन प्रमाण पत्र देने से वंचित हैं।

मार्च से रुक जाएगी पेंशन

महासंघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन पेंशनर्स ने जीवन प्रमाण पत्र नहीं दिया है, उन्हें फरवरी की पेंशन मिल जाएगी, लेकिन मार्च से भुगतान रोक दिया जाएगा। इसके बाद जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने और पूरी प्रक्रिया पूरी होने पर ही पेंशन दोबारा शुरू हो सकेगी।

जितनी देरी, उतनी देर से पेंशन

संभाग संगठन मंत्री राधेश्याम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पेंशनर्स से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि जितनी देर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा, उतनी ही देर से पेंशन बहाल होगी। महासंघ ने प्रशासन से भी मांग की है कि बुजुर्ग पेंशनर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद पेंशनर को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment