जयपुर। देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 75 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इन स्टेशनों का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। उद्घाटन किए गए स्टेशनों में राजस्थान के गोटन, दौसा, डीग, सोमेसर, खैरथल, बाड़मेर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं, जिन्हें आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप के साथ यात्रियों के लिए तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन से कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में रेलवे की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और आधुनिक स्टेशन इस परिवर्तन का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय रेलवे ने जिस तेजी से बुनियादी ढांचे का विस्तार किया है, उससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ राज्यों की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिली है।
आज माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राजस्थान के 8 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों सहित देशभर के कुल 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नागौर के गोटन में आयोजित समारोह में सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह… pic.twitter.com/pVM973bQ4O
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 17, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे ने अभूतपूर्व बदलाव देखा है। नई ट्रेनों, आधुनिक स्टेशनों, विद्युतीकरण और नई रेल लाइनों के जरिए देश की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को मिले आठ पुनर्विकसित स्टेशन न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएंगे, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे को नई पहचान दे रही हैं। जहां वंदे भारत हाई-स्पीड और आधुनिक यात्रा का प्रतीक बनी है, वहीं नमो भारत शहरी परिवहन को गति दे रही है। अमृत भारत ट्रेनें आम यात्रियों के लिए बेहतर और किफायती सफर सुनिश्चित कर रही हैं। इसके साथ ही भारत गौरव ट्रेनों के जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिल रही है।
राजस्थान में रेलवे विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में राज्य के लिए रेलवे बजट में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच जहां राजस्थान को रेलवे परियोजनाओं के लिए औसतन 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वर्तमान में प्रदेश में 76 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में फिलहाल पांच जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित हो रही हैं और वर्ष 2014 के बाद करीब 3,900 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक का निर्माण किया गया है। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 85 रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जिनमें कई परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं। हाल ही में जयपुर से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने और खातीपुरा में विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल के संचालन से रेलवे नेटवर्क को और मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी समर्पित मालवाहक गलियारे (Western Dedicated Freight Corridor) का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान से गुजरने वाला यह कॉरिडोर राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बन रहा है। प्रदेश में 567 रूट किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर लगभग 14,700 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जबकि शक्ति कार्गो टर्मिनल योजना के तहत भी कई नए टर्मिनल विकसित किए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि गोटन रेलवे स्टेशन सहित प्रदेश के सभी पुनर्विकसित अमृत स्टेशन स्थानीय विकास के नए केंद्र बनेंगे और क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार तथा रोजगार को नई दिशा देंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








