Priyank Kharge ने NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कर्नाटक सरकार में मंत्री खरगे ने आरोप लगाया कि Bharatiya Janata Party और Rashtriya Swayamsevak Sangh ने मिलकर छात्रों का भविष्य “सिस्टमेटिक तरीके से बर्बाद” किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan से इस्तीफे की मांग भी की।
‘यह सामान्य गड़बड़ी नहीं, बड़ी त्रासदी’
प्रियांक खरगे ने कहा कि NEET पेपर लीक कोई साधारण प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी बड़ी त्रासदी है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा रद्द होने से करीब 22 लाख छात्र प्रभावित हुए हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में BJP और RSS से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आ रही है, लेकिन अब तक किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
‘बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं’
मंत्री खरगे ने कहा कि लगातार विवाद और अनिश्चितता के कारण छात्र मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि कई छात्र दो-तीन साल की मेहनत के बाद दोबारा परीक्षा देने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा, “बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं। छात्रों के भविष्य को पैसों के लिए बेचा जा रहा है। अगर BJP में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से हटाया जाना चाहिए या उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए।”
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
प्रियांक खरगे ने इस दौरान Narendra Modi पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के जरिए छात्रों से संवाद करते हैं, लेकिन अब उन्हें NEET विवाद पर भी देश के छात्रों से बात करनी चाहिए।
CBI ने आरोपी को कोर्ट में किया पेश
वहीं दूसरी तरफ NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही Central Bureau of Investigation ने आरोपी मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। CBI ने अदालत से आगे की जांच के लिए 14 दिन की कस्टडी की मांग की। एजेंसी के अनुसार मंधारे National Testing Agency की पैनल सदस्य थीं और परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट व ट्रांसलेटर की भूमिका निभा रही थीं। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि NTA की पूरी परीक्षा प्रक्रिया जांच के दायरे में है और छात्रों से पैसे लेने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बचाव पक्ष ने रिमांड का किया विरोध
हालांकि बचाव पक्ष ने CBI की रिमांड मांग का विरोध किया। वकीलों का कहना है कि आरोपी के घर से कोई आपत्तिजनक बरामदगी नहीं हुई है और वह पहले भी जांच में सहयोग करती रही हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर देशभर में राजनीति तेज हो गई है और विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है।
Permalink:
Tags:
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







