सोशल मीडिया पर ‘अनफॉलो’ हो रहे राघव चड्ढा: बीजेपी में शामिल होने के बाद फॉलोअर्स में भारी गिरावट, ट्रोलर्स के निशाने पर

आम आदमी पार्टी (AAP) के ‘पोस्टर बॉय’ माने जाने वाले राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने के फैसले ने न केवल सियासी गलियारों में, बल्कि सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है। जहां कल तक राघव चड्ढा की पोस्ट्स पर लाखों ‘लाइक्स’ की बौछार होती थी, वहीं आज उनके फॉलोअर्स की संख्या में आई अचानक गिरावट ने सबको चौंका दिया है।राघव चड्ढा की लोकप्रियता युवाओं के बीच काफी अधिक रही है, लेकिन बीजेपी में शामिल होने की खबर के बाद उनके इंस्टाग्राम (Instagram) हैंडल पर एक अजीब सा ‘डिजिटल विद्रोह’ देखने को मिला है। बीजेपी में शामिल होने की खबर आने के महज 1 घंटे के भीतर उनके फॉलोअर्स की संख्या 14.6 मिलियन से घटकर 14.5 मिलियन पर आ गई।  शनिवार दोपहर तक यह संख्या गिरकर 14.1 मिलियन के करीब पहुंच गई है। यह उनके डिजिटल करियर की अब तक की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।

सोशल मीडिया पर ‘ट्रेंड’ और ‘ट्रोलिंग’ का दौर

जैसे ही बीजेपी चीफ नितिन नवीन ने एक्स (X) पर राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का स्वागत करते हुए फोटो शेयर की, सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई  ‘आप’ समर्थकों ने इसे “धोखा” करार दिया है, जिसके चलते कई लोगों ने ‘UnfollowRaghavChadha’ जैसे हैशटैग भी चलाने शुरू कर दिए। विपक्षी समर्थक और न्यूट्रल यूजर्स भी राघव चड्ढा के पुराने बयानों (जहां वे बीजेपी पर तीखे हमले करते थे) के वीडियो साझा कर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।

लोकप्रियता बनाम वफादारी का सवाल

राघव चड्ढा को सोशल मीडिया पर उनकी प्रखर वक्ता वाली छवि और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए पसंद किया जाता था। विशेषकर युवाओं और ‘Gen Z’ के बीच उनकी एक अलग फैन फॉलोइंग थी। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी बदलने से उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता पर भले ही असर पड़ा हो, लेकिन बीजेपी के विशाल आईटी सेल और नए समर्थकों के जुड़ने से आने वाले समय में यह आंकड़े फिर से बदल सकते हैं।

बीजेपी में जोरदार स्वागत

सोशल मीडिया पर मचे इस हंगामे के बीच बीजेपी खेमा काफी उत्साहित है। नितिन नवीन ने फोटो शेयर करते हुए लिखा: “आज पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का भाजपा परिवार में स्वागत किया। हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता को पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लिए शुभकामनाएं।”

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment