Rajasthan JJM Scam News: जल जीवन मिशन पर सियासत तेज, मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के बयान से मचा बवाल

जयपुर: राजस्थान में जल जीवन मिशन को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। इस बार विवाद की वजह बनी है भजनलाल सरकार के जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का बयान, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टोंक में मंत्री का बड़ा बयान

टोंक में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने जल जीवन मिशन में आई खामियों और भ्रष्टाचार को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में कई समस्याएं सामने आईं और भ्रष्टाचार के कारण काम की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई। मंत्री ने यहां तक कह दिया कि, “स्थिति इतनी नाजुक है कि अगर पूरी जांच कर दी जाए तो पूरा स्टाफ ही खत्म हो जाएगा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

960 करोड़ घोटाले की जांच जारी

यह बयान ऐसे समय आया है जब राजस्थान में जल जीवन मिशन के तहत करीब 960 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच चल रही है। इस मामले में एसीबी, सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने योजना को फिर से गति देने के लिए कई राज्यों के साथ एमओयू किए हैं और उनकी मांगों को पूरा किया जा रहा है। साथ ही पुराने कार्यों की भी जांच की जा रही है। कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि, “पुराने कामों की जांच जारी है। विभाग ऐसी स्थिति में पहुंच गया है कि मानो पूरा खाली हो जाए। अब हम सुधार की दिशा में काम कर रहे हैं।”

बड़े नाम पहले ही जांच के घेरे में

केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक नल से जल पहुंचाना है, लेकिन राजस्थान में इसके क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी पहले ही जेल जा चुके हैं, जबकि रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल न्यायिक हिरासत में हैं। इसके अलावा 10 से अधिक अधिकारी भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं।

पारदर्शिता पर उठे सवाल

जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में भ्रष्टाचार के आरोपों ने न केवल सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि चल रही जांच और सरकारी कार्रवाई इस योजना में कितना सुधार ला पाती है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment