मंगलवार रात जयपुर के अमर जवान ज्योति पर भाजपा महिला मोर्चा के मशाल जुलूस के दौरान एक अजीब मंजर देखने को मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ अचानक महिला नेत्रियों पर बुरी तरह ‘आग बबूला’ हो गए और कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गए। शुरुआत में इसे महज ‘अव्यवस्था’ पर नाराजगी माना जा रहा था, लेकिन अब इस ‘रौद्र रूप’ के पीछे की जो वजह सामने आई है, उसने सबको चौंका दिया है।
बहराइच का वो खौफनाक मंजर: जब आग में झुलसीं विधायक
मदन राठौड़ की नाराजगी के पीछे उत्तर प्रदेश के बहराइच में हुई एक हालिया दर्दनाक घटना का डर छिपा था। दरअसल, कुछ दिन पहले ही यूपी में ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के दौरान भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और विधायक अनुपमा जायसवाल एक बड़े हादसे का शिकार हो गई थीं। पुतला दहन के समय अचानक आग की लपटें बेकाबू होकर उनके चेहरे और बालों तक पहुंच गईं, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गईं। अनुपमा जायसवाल को तुरंत अस्पताल भर्ती कराना पड़ा, जहां वे अब भी उपचार ले रही हैं। इस घटना ने पूरे देश के भाजपा संगठन में सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता पैदा कर दी है।
जयपुर में लापरवाही देख सहम गए राठौड़
अमर जवान ज्योति पर जब महिला मोर्चा की मशालें जल रही थीं, तो वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की कमी और लापरवाही मदन राठौड़ की नजरों से नहीं छिपी। मशालों की उठती लपटें और आसपास मौजूद नेत्रियों की भीड़ देख राठौड़ के जेहन में यूपी वाला हादसा कौंध गया। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें डर था कि यदि एक भी मशाल से किसी कार्यकर्ता के कपड़ों या चेहरे को नुकसान पहुंचा, तो यह राजनीतिक कार्यक्रम की जगह एक बड़ी ‘मानवीय त्रासदी’ में बदल जाएगा। इसी ‘सुरक्षा के खौफ’ और बार-बार टोकने के बावजूद जारी अव्यवस्था ने उनके गुस्से को भड़का दिया।
अनुशासन या सुरक्षा की चिंता?
मदन राठौड़ का महिला नेत्रियों को डांटना और कार्यक्रम छोड़कर जाना अब अनुशासन से ज्यादा ‘कार्यकर्ताओं की सुरक्षा’ के प्रति उनकी संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है। बीजेपी के गलियारों में चर्चा है कि राठौड़ नहीं चाहते थे कि जयपुर में यूपी जैसी किसी अनहोनी की पुनरावृत्ति हो। इस घटना के बाद अब भाजपा के आगामी प्रदर्शनों और रैलियों में मशाल और पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








