Realme ने भारतीय बाजार में अपने नए प्रीमियम वायरलेस ईयरबड्स Realme Buds Air8 Pro लॉन्च कर दिए हैं। ये कंपनी के पुराने मॉडल Realme Buds Air7 Pro के सक्सेसर के तौर पर पेश किए गए हैं। नए ईयरबड्स में डुअल ड्राइवर, दमदार एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC), Hi-Res ऑडियो और लंबी बैटरी लाइफ जैसे कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि ये ईयरबड्स 55dB तक एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन सपोर्ट करते हैं और सिंगल चार्ज में कुल 50 घंटे तक चल सकते हैं।
भारत में कीमत और उपलब्धता
Realme Buds Air8 Pro की भारत में कीमत 6,999 रुपये रखी गई है। ग्राहक इन्हें कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा Flipkart और Amazon जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से खरीद सकेंगे।
Features
Realme Buds Air8 Pro में डुअल ड्राइवर सेटअप दिया गया है। इसमें 6mm माइक्रो प्लेन ट्वीटर और 11mm बेस ड्राइवर शामिल हैं। बेहतर ऑडियो क्वालिटी के लिए इनमें डुअल DAC ऑडियो प्रोसेसिंग चिप का इस्तेमाल किया गया है। ईयरबड्स Hi-Res ऑडियो सपोर्ट के साथ आते हैं और कंपनी ने इनमें डायनेमिक बेस टेक्नोलॉजी दिए जाने का दावा किया है। नए ईयरबड्स में AI बेस्ड नॉइज कैंसिलेशन फीचर दिया गया है, जिसके लिए कुल 6 माइक्रोफोन लगाए गए हैं। ये 5000Hz तक अल्ट्रावाइड फ्रीक्वेंसी नॉइज रिडक्शन सपोर्ट करते हैं। कंपनी के मुताबिक, Buds Air8 Pro 55dB तक एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन देने में सक्षम हैं, जिससे यूजर्स को कॉलिंग और म्यूजिक के दौरान बेहतर अनुभव मिलेगा।
Bluetooth 6.1 और गेमिंग फीचर्स
इन ईयरबड्स में Bluetooth 6.1 कनेक्टिविटी दी गई है और ये एक साथ तीन डिवाइसेज से कनेक्ट हो सकते हैं। ऑडियो कोडेक सपोर्ट में LHDC 5.0, AAC और SBC शामिल हैं। गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए इनमें 45ms तक अल्ट्रा-लो लेटेंसी का फीचर भी दिया गया है, जिससे ऑडियो और वीडियो सिंक बेहतर रहेगा। Realme Buds Air8 Pro को IP55 रेटिंग मिली है, जिससे ये धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रहेंगे। कंपनी ने इनमें 32 विदेशी भाषाओं के ट्रांसलेशन सपोर्ट का फीचर भी दिया है। बैटरी की बात करें तो ईयरबड्स में 62mAh की बैटरी दी गई है, जबकि चार्जिंग केस में 590mAh बैटरी मौजूद है। कंपनी के अनुसार ये ईयरबड्स केस के साथ कुल 50 घंटे तक का बैटरी बैकअप देते हैं। वहीं सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में 11 घंटे तक प्लेबैक मिल सकता है। Buds Air8 Pro को फुल चार्ज होने में करीब 120 मिनट का समय लगता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







