Rajasthan Public Service Commission की प्राध्यापक कृषि विज्ञान भर्ती-2022 परीक्षा में पेपर लीक का बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि आयोग के निलंबित सदस्य Babulal Katara ने कथित तौर पर 60 लाख रुपये में परीक्षा का पेपर बेचा था। मामले की जांच कर रही Special Operations Group Rajasthan ने कटारा को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2022 पेपर लीक मामले में भी एसओजी कटारा सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
54 पदों के लिए हुई थी परीक्षा
प्राध्यापक कृषि विज्ञान भर्ती-2022 परीक्षा का आयोजन 11 अक्टूबर 2022 को किया गया था। भर्ती प्रक्रिया 54 पदों के लिए आयोजित हुई थी। सुबह की पारी में सामान्य ज्ञान और दोपहर की पारी में कृषि विज्ञान विषय का पेपर कराया गया था। आयोग ने 14 जुलाई 2023 को पात्रता जांच सूची जारी की थी, जिसमें 101 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। इसके बाद 13 दिसंबर 2023 को मुख्य चयन सूची जारी हुई, जिसमें 50 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था, जबकि पांच अभ्यर्थियों के परिणाम रोक दिए गए थे।
फर्जी डिग्री के जरिए नौकरी हासिल करने का आरोप
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि भर्ती में चयनित कुछ अभ्यर्थियों ने OPJS University से बैक-डेट में जारी कराई गई फर्जी मार्कशीट और डिग्रियों के आधार पर नौकरी हासिल की थी। शिकायत मिलने के बाद एसओजी ने मामले की जांच शुरू की। अब जांच एजेंसी आयोग से संबंधित रिकॉर्ड मांगने के साथ-साथ पूरे चयन प्रक्रिया के दायरे को भी खंगाल रही है।एसओजी की पूछताछ में बाबूलाल कटारा ने कथित तौर पर 60 लाख रुपये में पेपर बेचने की बात स्वीकार की है। इस खुलासे के बाद भर्ती परीक्षा की पूरी प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल थे तथा कितने अभ्यर्थियों को इसका फायदा पहुंचाया गया।
उठ रहे बड़े सवाल
पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद कई महत्वपूर्ण सवाल उठ रहे हैं—
- क्या चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की दोबारा जांच होगी?
- क्या सरकार आरपीएससी की आंतरिक जांच कराएगी?
- क्या उच्च स्तरीय कमेटी से परीक्षा प्रक्रिया की समीक्षा होगी?
- क्या सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 की तरह इस भर्ती को भी रद्द किया जाएगा?
आरपीएससी सचिव का बयान
Ramnivas Mehta ने कहा कि प्राध्यापक कृषि विज्ञान भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आया है और पूरे प्रोसेस की जांच की जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजस्थान में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं और अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। अब सबकी नजर सरकार और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







