RPSC SI भर्ती परीक्षा 2021 रद्द, सितंबर 2026 में दोबारा होगी परीक्षा

अजमेर। Rajasthan Public Service Commission (RPSC) ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। आयोग ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आयोग अध्यक्ष Utkal Ranjan Sahoo ने बताया कि दोबारा होने वाली परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्र दिए थे। आयोग के अनुसार कुल 3 लाख 83 हजार 097 उम्मीदवार इस पुनर्परीक्षा के लिए पात्र होंगे। नए अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका नहीं मिलेगा। संभावना जताई जा रही है कि परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को पहले से जमा किए गए आवेदन पत्रों में आवश्यक संशोधन और अपडेट का मौका दिया है। आवेदन संशोधन प्रक्रिया 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार का पता जैसी जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे।

OTR और KYC करना होगा अनिवार्य

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि किसी उम्मीदवार ने अपनी SSO ID बदल ली है, तो वे “फैच एप्लिकेशन फॉर्म” विकल्प के जरिए पुराने आवेदन डेटा को नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकते हैं। KYC प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान स्वतः अपडेट हो जाएगा।

बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग की सहमति जरूरी

आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों को किसी प्रकार का संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी आवेदन को “एडिट मोड” में खोलना होगा। यहां अभ्यर्थियों को फोटो और बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग को लेकर स्वघोषणा (डिक्लेरेशन) और सहमति देनी अनिवार्य होगी। इसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अंतिम सब्मिशन मोबाइल पर प्राप्त OTP दर्ज करने के बाद ही पूरा माना जाएगा।

पात्रता 2021 के नियमों के आधार पर ही तय होगी

आयोग सचिव ने स्पष्ट किया है कि आयु सीमा, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता की शर्तें वर्ष 2021 के आधार पर ही लागू रहेंगी। वर्तमान स्थिति के अनुसार इनमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और भर्ती पोर्टल पर अपडेट चेक करते रहें।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment