शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा पर ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, ईओडब्ल्यू ने अभिनेत्री से की लंबी पूछताछ

मुंबई, 07 अक्टूबर: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ चल रहे ₹60 करोड़ की कथित धोखाधड़ी के मामले में नया मोड़ आया है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सोमवार को शिल्पा शेट्टी से उनके आवास पर करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। यह कार्रवाई एक कारोबारी द्वारा उन पर भारी रकम का चूना लगाने के आरोपों के बाद की गई है।

पूछताछ के दौरान, ईओडब्ल्यू की टीम ने शिल्पा शेट्टी की विज्ञापन कंपनी के बैंक खातों से जुड़े कथित लेन-देन पर केंद्रित कई सवाल पूछे। अधिकारियों के अनुसार, अभिनेत्री ने सहयोग करते हुए कंपनी से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जानकारी दी और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जांच टीम को सौंपे। इन दस्तावेजों का अब बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई वित्तीय अनियमितता तो नहीं हुई।

क्या है पूरा मामला?

मामला मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी द्वारा अगस्त में दर्ज कराई गई एक शिकायत से शुरू हुआ। कोठारी ने जुहू पुलिस में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ आरोप लगाया कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच उनकी कंपनी ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ में कुल ₹60.48 करोड़ का निवेश किया था।

कोठारी के मुताबिक, शुरुआत में यह रकम एक ऋण के रूप में दी गई थी, जिस पर 12% सालाना ब्याज तय हुआ था। हालांकि, बाद में शिल्पा और राज कुंद्रा ने कर संबंधी कारणों का हवाला देते हुए इस रकम को निवेश के रूप में दर्ज करने को कहा और हर महीने एक तय रिटर्न देने का वादा किया।

निवेश का पैसा निजी खर्च में इस्तेमाल होने का आरोप

कोठारी का आरोप है कि व्यवसाय विस्तार के नाम पर लिए गए इन पैसों का इस्तेमाल जोड़े ने अपने निजी खर्चों के लिए किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अप्रैल 2016 में शिल्पा शेट्टी ने उन्हें व्यक्तिगत गारंटी दी थी, लेकिन सितंबर 2016 में ही उन्होंने कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। बाद में पता चला कि कंपनी पर पहले से ही ₹1.28 करोड़ का कर्ज बकाया था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी।

पैसे वापस मांगने के कई प्रयास विफल होने के बाद, कोठारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया। रकम की विशालता को देखते हुए मामले की जांच अब ईओडब्ल्यू को सौंप दी गई है, जो तेजी से इसकी जांच कर रही है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment