सीकर: नीट में कम नंबर आने के अवसाद में 17 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

राजस्थान के कोचिंग हब सीकर से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा का परिणाम आने के बाद, कम अंक आने के अवसाद में आकर एक 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक छात्र की पहचान निखिल के रूप में हुई है, जो जयपुर ग्रामीण के रामपुरा डाबड़ी का रहने वाला था। वह पिछले दो साल से सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

दरवाजा नहीं खोलने पर खिड़की से झांका, तो उड़ा होश उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि निखिल शहर के एक निजी हॉस्टल में अकेला रहता था। उसने इस साल 12वीं फाउंडेशन के साथ नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही वह काफी मानसिक तनाव में चल रहा था। सुबह जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, तो हॉस्टल स्टाफ उसे जगाने पहुंचा। बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो स्टाफ ने अनहोनी की आशंका में खिड़की से अंदर झांका, जहाँ निखिल का शव फंदे से लटका हुआ था। हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और छात्र के परिजनों को दी।

मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, मोबाइल भी नहीं रखता था छात्र सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थानाधिकारी ने बताया कि निखिल पढ़ाई में काफी होशियार था और उसका पूरा ध्यान सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ही केंद्रित रहता था। वह अपने पास मोबाइल फोन तक नहीं रखता था। इस बार नीट के रिजल्ट में उसके सटीक कितने नंबर आए थे, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। पुलिस अब उसके नीट एग्जाम के रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

सीकर में अवसाद का तीसरा मामला नीट यूजी परीक्षा को लेकर उपजे विवाद और तनाव के बाद सीकर में अवसाद के कारण छात्रों द्वारा आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते अत्यधिक मानसिक दबाव और उनके लिए बेहतर काउंसलिंग व्यवस्था की जरूरत को रेखांकित किया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment