जयपुर: नीट (NEET) पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन को लेकर सियासत गरमा गई है। इस आंदोलन पर जयपुर की हवामहल सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हर किसी को देश में प्रदर्शन करने का अधिकार है और उन्हें वांगचुक के आंदोलन से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन वहां राष्ट्र विरोधी गतिविधियों और भगवान राम के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘देश विरोधी नारे और राम जी पर टिप्पणी स्वीकार्य नहीं’ विधायक बालमुकुंदाचार्य ने जंतर-मंतर पर हो रही गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा, “सबके पास प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन आपने देखा कि वहां किस तरह का प्रदर्शन हुआ। किस प्रकार के कॉकरोच अचानक आए और इस देश के पर्यावरण को दूषित करने का काम किया।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि आंदोलन की आड़ में देश विरोधी नारे लगाए गए और भगवान राम व माता जानकी के बारे में अमर्यादित टिप्पणियां की गईं, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने साफ किया कि विरोध प्रदर्शन से आपत्ति नहीं है, बल्कि वहां सनातन धर्म के अपमान से दिक्कत है।
20 दिनों से अनशन पर थे वांगचुक, 10 किलो घटा वजन बता दें कि सोनम वांगचुक नीट-यूजी परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 20 से अधिक दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस लंबे अनशन के कारण उनकी सेहत में भारी गिरावट आई है और उनका करीब 10 किलो वजन कम हो चुका है। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी, जिसका उनके समर्थकों ने ‘जबरन कार्रवाई’ बताकर कड़ा विरोध किया था।
दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, मेदांता जाने की मांग रविवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सोनम वांगचुक की सेहत और इलाज को लेकर विशेष सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि करीब तीन हफ्ते की भूख हड़ताल के बाद तबीयत बिगड़ने पर ही उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर, वांगचुक की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी कि वांगचुक को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने का पूरा अधिकार है और वे निजी अस्पताल ‘मेदांता’ शिफ्ट होना चाहते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








