सोनम वांगचुक की पत्नी का सफदरजंग अस्पताल पर बड़ा आरोप, बोलीं- ‘हमें नहीं दी जा रही सेहत से जुड़ी नियमित रिपोर्ट’

नई दिल्ली: लद्दाख को संवैधानिक सुरक्षा देने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत और उनकी कस्टडी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को दिल्ली हाईकोर्ट में हुई विशेष सुनवाई के बाद वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंगमो ने सफदरजंग अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल के डॉक्टर परिवार को वांगचुक की नियमित स्वास्थ्य रिपोर्ट (Health Report) उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

अस्पताल शिफ्ट करने की याचिका खारिज यह पूरा मामला तब सामने आया जब डॉ. गीतांजलि आंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से हटाकर निजी अस्पताल (मेदांता) में शिफ्ट करने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने फिलहाल इस मांग को खारिज कर दिया। हाईकोर्ट ने साफ किया कि वांगचुक को स्वास्थ्य बिगड़ने और डिवीजन बेंच के आदेश के बाद ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसलिए सरकार की इस कार्रवाई को मनमाना नहीं कहा जा सकता। कोर्ट ने यह भी कहा कि वांगचुक को वही दवाएं दी जा रही हैं, जिनके लिए उन्होंने खुद सहमति दी है।

सरकार के दावों पर उठाए सवाल डॉ. गीतांजलि ने सरकार के उस दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि वांगचुक की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में भर्ती किए जाने से ठीक एक शाम पहले की मेडिकल रिपोर्ट में वांगचुक के सभी पैरामीटर सामान्य थे और पोटैशियम का स्तर 4.3 था। गीतांजलि ने सवाल उठाया कि अगर स्वास्थ्य को लेकर इतनी ही चिंता थी, तो परिजनों को सूचित कर सामान्य जांच की जा सकती थी, न कि उन्हें जबरन हिरासत की तरह अस्पताल में रखा जाता।

भूख हड़ताल जारी, कोर्ट ने मांगा जवाब बता दें कि दिल्ली पुलिस शनिवार सुबह सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। अस्पताल के बेड पर होने के बावजूद वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म नहीं की है और वे लगातार अनशन पर हैं। इस पूरे मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई अब 23 जुलाई को होगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment