नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज ने अब जमानत के लिए पटियाला हाउस कोर्ट का रुख किया है। आरोपी की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई है। हालांकि, आरोपी के वकील ने जिला न्यायाधीश के समक्ष याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि जमानत याचिका पर सुनवाई तय प्रक्रिया के तहत ही होगी। अब मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर को निर्धारित की गई है। तब तक स्वतंत्र भारद्वाज न्यायिक हिरासत में रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप
यह मामला जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मारपीट से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता के साथ हाथापाई हुई थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति पैदा हुई, जिसमें निशु आजाद के पिता को चोटें आईं।
जमानत याचिका में लगाए गए ये तर्क
स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से दाखिल जमानत याचिका में दावा किया गया है कि उसे झूठे आरोपों में फंसाया गया है। आरोपी के वकील ने अदालत के सामने कहा कि भारद्वाज लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है और वह जांच में पुलिस का सहयोग करने के लिए तैयार है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि आरोपी के फरार होने की कोई आशंका नहीं है। हालांकि, अदालत ने फिलहाल तत्काल राहत देने से इनकार करते हुए 14 सितंबर को सुनवाई तय कर दी है। उस दिन अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत जमानत पर फैसला करेगी।
उत्तर प्रदेश से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले एक पॉडकास्ट में भारद्वाज ने कथित तौर पर सीजेपी प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता के साथ मारपीट करने की बात कही थी। उसने यह भी दावा किया था कि घटना के बाद पुलिस ने उसे कुछ घंटे हिरासत में रखा था।
पॉडकास्ट के दौरान भारद्वाज ने भाजपा नेता कपिल मिश्रा और सहयोगी दल के नेता चिराग पासवान के साथ अपने करीबी संबंध होने का भी दावा किया था। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और उसकी जमानत याचिका पर 14 सितंबर को पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई होगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








