पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण, शुभेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में लाखों लोगों की मौजूदगी के बीच राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। स्वतंत्रता के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी के मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारों और तालियों से उनका स्वागत किया।

कई नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता और खड़गपुर से नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली। लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे दिलीप घोष को भाजपा के संगठनात्मक चेहरों में गिना जाता है। इसके अलावा भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल और बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया ने भी मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। माना जा रहा है कि नई सरकार में संगठन और हिंदुत्व की मजबूत छवि वाले नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

पीएम मोदी ने पुराने कार्यकर्ता का किया सम्मान

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का मंच पर सम्मान किया और उनके पैर छुए। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार जनसंघ काल से राष्ट्रवादी आंदोलनों से जुड़े रहे हैं। वर्ष 1952 में कश्मीर आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। प्रधानमंत्री के इस व्यवहार की मंच और सभा स्थल पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।

शुभेंदु अधिकारी बोले — “सोनार बांग्ला की शुरुआत”

मुख्यमंत्री बनने से पहले शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में दशकों के कुशासन का अंत हो चुका है और अब विकास, शांति तथा समृद्धि के “डबल इंजन” युग की शुरुआत हो रही है। उन्होंने लिखा कि “आज हम स्वतंत्रता के बाद पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण के साक्षी बन रहे हैं। यह राष्ट्र-निर्माताओं के सपनों को साकार करने का क्षण है। ‘सोनार बांग्ला’ के युग की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है।”

बंगाली संस्कृति की झलक से सजा समारोह

ब्रिगेड परेड ग्राउंड को बंगाली संस्कृति और परंपरा के रंगों से सजाया गया था। मंच पर मां दुर्गा और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीरें लगाई गई थीं। समारोह के दौरान पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भव्य बना दिया। आज गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती ‘पोचिशे बोइशाख’ भी मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टैगोर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गुरुदेव ने भारतीय संस्कृति, साहित्य और मानवता को नई दिशा दी।

साधु-संतों की मौजूदगी ने खींचा ध्यान

शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में साधु-संत भी पहुंचे। कई संतों ने इसे “राम राज्य की शुरुआत” बताया। एक संत ने कहा कि लंबे समय तक बंगाल में वामपंथी और कांग्रेस की राजनीति हावी रही, लेकिन अब राज्य में नई राजनीतिक और सांस्कृतिक दिशा दिखाई दे रही है। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत और नई सरकार के गठन के साथ अब पूरे देश की नजरें पश्चिम बंगाल की नई राजनीतिक दिशा और प्रशासनिक बदलावों पर टिकी हुई हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment