नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। इस मुकाबले में अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने शानदार नाबाद अर्धशतक जड़कर एक बार फिर टीम के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाई है। जडेजा का यह अर्धशतक उनके बल्ले से करीब 228 दिन बाद आया है। भारतीय पारी जब श्रीलंका क्रिकेट XI के गेंदबाजों के सामने लड़खड़ा रही थी, तब जडेजा ने मोर्चा संभाला और टीम को संभालने में अहम योगदान दिया।
228 दिन बाद जडेजा ने लगाया अर्धशतक
रवींद्र जडेजा ने इससे पहले नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। उस मुकाबले में उन्होंने 87 गेंदों पर 54 रन बनाए थे और मुश्किल परिस्थिति में भारतीय टीम को संभाला था। गेंदबाजी में भी जडेजा ने 6 विकेट हासिल किए थे। अब श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ अभ्यास मैच में जडेजा ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 88 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। खबर लिखे जाने तक वह 117 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद थे। उनकी पारी में 7 चौके शामिल हैं। इससे पहले गेंदबाजी करते हुए भी जडेजा ने 2 विकेट हासिल किए थे। ऐसे में अभ्यास मैच में उनका ऑलराउंड प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
देवदत्त पडिक्कल का शानदार शतक
भारतीय टीम की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 121 गेंदों का सामना करते हुए 103 रन की पारी खेली। अपनी पारी में पडिक्कल ने 14 चौके लगाए। पडिक्कल शतक पूरा करने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। हालांकि, बाद में भारतीय पारी को संभालने के लिए वह दोबारा मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे। खबर लिखे जाने तक वह 116 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
केएल राहुल और मानव सुथार अर्धशतक से चूके
भारतीय बल्लेबाजी में केएल राहुल ने 67 गेंदों पर 40 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा, लेकिन वह अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके। वहीं युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने 90 गेंदों पर 41 रन की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
श्रीलंका क्रिकेट XI ने बनाए 363 रन
श्रीलंका क्रिकेट XI ने अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 363 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम ने भी अच्छी वापसी की है।भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 288 रन बना लिए हैं। ऐसे में जडेजा और पडिक्कल की पारियां टीम इंडिया के लिए अहम साबित हुई हैं।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से शुरू होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है।टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच में जडेजा की बल्लेबाजी और गेंदबाजी फॉर्म टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है। खासकर 228 दिन बाद उनके बल्ले से आया अर्धशतक आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर माना जा रहा है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







