लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले के पहले दिन का पहला सत्र टीम इंडिया के नाम रहा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारत के युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने एक ही ओवर में दो झटके देकर मेज़बानों को बैकफुट पर धकेल दिया।
लंच तक इंग्लैंड 2 विकेट पर 83 रन
पहले सत्र में इंग्लैंड ने 83 रन जोड़े लेकिन दो अहम विकेट भी गंवा दिए। बेन डकेट (23) और जैक क्रॉली (18) नितीश रेड्डी का शिकार बने। लॉर्ड्स की पिच पर जहां इंग्लैंड मजबूत शुरुआत करना चाह रहा था, वहीं रेड्डी ने एक ओवर में दोनों ओपनर्स को चलता कर मैच का रुख पलट दिया। पारी की शुरुआत में ही ओली पोप को जीवनदान मिला, जब कप्तान शुभमन गिल ने स्लिप में उनका आसान कैच छोड़ दिया। फिलहाल क्रीज पर जो रूट और ओली पोप टिके हुए हैं और टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
टॉस और टीम में बदलाव
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और टीम में जोफ्रा आर्चर को जोश टंग की जगह शामिल किया। टीम इंडिया ने एक बदलाव किया है। प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर कर जसप्रीत बुमराह को अंतिम एकादश में जगह दी गई है।यह मुकाबला सीरीज में निर्णायक बन सकता है क्योंकि सीरीज 1-1 से बराबरी पर है।
भारत का लॉर्ड्स में रिकॉर्ड
भारत का लॉर्ड्स में रिकॉर्ड बेहद औसत रहा है। भारत ने यहां अब तक 19 टेस्ट खेले हैंजिनमें से 12 में हार, 4 ड्रॉ, और सिर्फ 3 में जीत मिली है पहली जीत के लिए भारत को 54 साल इंतजार करना पड़ा, जो 1986 में आई थी। इसके बाद 2014 और 2021 में भी भारत ने जीत दर्ज की।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर
लंच ब्रेक के बाद मैच का रोमांच और बढ़ेगा, जहां भारत की कोशिश होगी कि इंग्लैंड को जल्द समेटकर बढ़त बनाई जाए, जबकि इंग्लैंड की नजरें रूट और पोप की साझेदारी पर टिकी होंगी। लाइव अपडेट्स और स्कोरकार्ड के लिए जुड़े रहें।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







