राजस्थान में खाद्य सुरक्षा योजना का दुरुपयोग: 13,603 अमीर परिवारों ने गरीबों का राशन हड़पा, होगी वसूली

डीडवाना-कुचामन, राजस्थान। केंद्र सरकार की गरीबों और जरूरतमंदों के लिए शुरू की गई खाद्य सुरक्षा योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह योजना उन लोगों के लिए बनी थी जो मुफ़्त या कम कीमत पर राशन लेकर अपने परिवार का पेट भरते हैं, लेकिन हकदार गरीबों की जगह रईस और संपन्न लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। जिला रसद विभाग ने ऐसे 13,603 परिवारों को चिह्नित किया है, जो अपात्र होने के बावजूद वर्षों से सरकारी गेहूं और राशन ले रहे थे। अब इनसे वसूली की तैयारी शुरू हो गई है।

रईस परिवारों की पोल खुली

जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका ने बताया कि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। चिह्नित परिवारों में 444 लोग बड़ी कंपनियों के डायरेक्टर हैं, 6,102 लोगों के पास चार पहिया वाहन हैं और 4,750 परिवारों की सालाना आय 6 लाख रुपये से अधिक है। इतना ही नहीं, कुछ परिवारों का सालाना टर्नओवर 25 लाख रुपये से भी ज्यादा पाया गया। इसके बावजूद ये लोग गरीबों के हक का राशन उठा रहे थे।

कहां-कहां पकड़े गए अपात्र

जांच में सामने आया कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में हजारों परिवार इस योजना का गलत फायदा उठा रहे थे। डीडवाना ब्लॉक में 3,466, कुचामन में 1,987, परबतसर में 1,965, मकराना में 3,021, नावां में 1,326 और लाडनूं में 1,838 परिवार अपात्र पाए गए। इनकी पहचान आधार कार्ड, पैन कार्ड और इनकम टैक्स रिटर्न की जांच के आधार पर की गई।

संदिग्ध लाभार्थियों की सूची तैयार

खाद्य एवं सार्वजनिक रसद विभाग ने राशन कार्ड डाटा का विश्लेषण करते हुए संदिग्ध लाभार्थियों की सूची तैयार की। इसके लिए आधार, पैन और टैक्स रिटर्न से क्रॉस वेरिफिकेशन किया गया। इसके बाद राज्य के रसद विभाग को जांच सौंपी गई। अब अपात्र परिवारों की अंतिम सूची एक महीने में तैयार करने का लक्ष्य है।

अब होगी कड़ी कार्रवाई

सरकार ने पहले ‘गिव अप’ अभियान चलाकर अपात्र परिवारों को खुद योजना से बाहर होने का मौका दिया था। लेकिन 31 अक्टूबर तक जिन 13,603 परिवारों ने नाम नहीं हटवाया, उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। विभाग ने निर्णय लिया है कि अब तक उठाए गए राशन और गेहूं की पूरी कीमत इन परिवारों से वसूली जाएगी। इसके लिए विशेष योजना बनाई गई है और वसूली प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment