पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार सुबह आयोग ने अपनी वेबसाइट पर उन मतदाताओं के नामों की सूची जारी की है, जिन्हें 2026 की ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल से बाहर कर दिया गया है। ये नाम पहले 2025 की वोटर लिस्ट में शामिल थे, लेकिन अब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 के तहत हटाए गए हैं। चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, करीब 58 लाख से ज्यादा SIR फॉर्म ‘अनकलेक्टेबल’ पाए गए। यानी या तो ये फॉर्म जमा नहीं हो सके या फिर सत्यापन के दौरान संबंधित मतदाताओं का पता नहीं चल पाया।
क्यों हटाए गए लाखों नाम
आयोग ने साफ किया है कि नाम हटाने के पीछे कई ठोस कारण हैं। बड़ी संख्या में मतदाता अपने दर्ज पते पर नहीं मिले, कुछ लोग स्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं, जबकि कई मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा, कुछ नाम एक से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट पाए गए। चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को सटीक, पारदर्शी और फर्जी नामों से मुक्त रखने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी है। हटाए गए नामों की सूची फिलहाल आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध है।
नाम हटा या नहीं, ऐसे करें जांच
चूंकि लाखों नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटाए गए हैं, इसलिए हर मतदाता के लिए अपना नाम जांचना जरूरी हो गया है। आयोग ने इसके लिए कई ऑनलाइन और ऑफलाइन विकल्प दिए हैं। सबसे आसान तरीका voters.eci.gov.in पोर्टल है। यहां ‘Search Your Name in Voter List’ विकल्प पर जाकर EPIC नंबर या नाम, जिला और विधानसभा क्षेत्र के जरिए सर्च किया जा सकता है। इसके अलावा eci.gov.in और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceowestbengal.nic.in पर जाकर भी ड्राफ्ट रोल देखा जा सकता है। हटाए गए नामों की अलग सूची ceowestbengal.wb.gov.in/asd_sir पर उपलब्ध है, जहां EPIC नंबर डालकर स्टेटस चेक किया जा सकता है।
मोबाइल ऐप और ऑफलाइन विकल्प
स्मार्टफोन यूजर्स ECINET ऐप डाउनलोड कर भी अपना नाम जांच सकते हैं। ऐप में EPIC नंबर या नाम डालते ही मतदाता से जुड़ी जानकारी मिल जाती है। अगर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध न हो, तो मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल असिस्टेंट (BLA) से संपर्क कर सकते हैं।
नाम नहीं मिला तो क्या करें
अगर ड्राफ्ट रोल में नाम नहीं मिलता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग ने 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय दिया है। इसके लिए फॉर्म 6 भरना होगा और साथ में Annexure-IV (डिक्लेरेशन फॉर्म) व जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन BLO के पास जमा किया जा सकता है या फिर voters.eci.gov.in और ECINET ऐप के जरिए ऑनलाइन भी किया जा सकता है। सत्यापन और सुनवाई के बाद सही पाए जाने पर नाम फिर से जोड़ा जाएगा।
अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में खत्म हो रहा है। ऐसे में मार्च–अप्रैल 2026 में चुनाव कराए जाने की संभावना है। मतदाता सूची की यह व्यापक सफाई आने वाले चुनावों को लेकर काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ सकता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







