झालावाड़ में भैंसों के तबेले की आड़ में एमडीएम फैक्ट्री का भंडाफोड़, 25 करोड़ का नशा जब्त

झालावाड़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झालावाड़ जिले की भवानीमंडी और मिश्रोली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आमलियाखेड़ा गांव में भैंसों के तबेले की आड़ में चल रहे एमडीएम (मादक पदार्थ) बनाने के अवैध कारखाने का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में करीब दो किलो तैयार एमडीएम, 130 लीटर केमिकल और अन्य सामग्री बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 25 करोड़ रुपए आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिश्रोली थाना क्षेत्र के आमलियाखेड़ा गांव में एक खेत पर बने भैंसों के तबेले में एमडीएम तैयार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद भवानीमंडी और मिश्रोली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात गोपाल सिंह के खेत में बने तबेले के अंदर टापरी पर दबिश दी।

तीन आरोपी फरार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
दबिश के दौरान गोपाल सिंह, झिझनी निवासी नरेन्द्र सिंह और निपानिया हाड़ा निवासी दिनेश सिंह मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

वाहन और उपकरण भी जब्त
मौके से पुलिस ने एमडीएम और केमिकल के साथ गैस चूल्हा, सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, बर्तन सहित एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी दिनेश सिंह के खिलाफ मिश्रोली थाना क्षेत्र में पहले से तीन प्रकरण और नरेन्द्र सिंह के खिलाफ एक मामला दर्ज है।

सात दिन में 20 तस्कर गिरफ्तार
एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले सात दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त 20 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे करीब 29 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment