झालावाड़। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरुवार को सांसद दुष्यंत सिंह की तीन दिवसीय जनसंवाद पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर भावुक अंदाज़ में अपने राजनीतिक संघर्ष को याद किया। शेर सुनाते हुए उन्होंने कहा—
“मैं चलती रही उम्र भर दुआओं के साथ… पांव के छाले कभी मेरी राह रोक नहीं पाए।”
राजे ने कहा कि जब वे सांसद थीं, तब भी लगातार पदयात्राएं करती थीं। पैरों में छाले पड़ते, तो उन्हें पिन से फोड़कर आगे बढ़ जाती थीं, क्योंकि जनता से जुड़ाव ही राजनीति की असली ताकत है।
सभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने उन्हेंल नागेश्वर और चौमहला मंडल में आयोजित पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर राजे ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र की उन्नति, विकास और जनता के विश्वास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश नेता चुनाव के समय ही जनता के बीच आते हैं, लेकिन हम अपने क्षेत्र को परिवार मानते हैं और लोगों को केवल मतदाता नहीं, बल्कि भाग्य निर्माता समझते हैं।
राजे ने जोर देते हुए कहा कि यह यात्रा “अपनों की, अपनों के लिए और अपनों के द्वारा” है—जिसका उद्देश्य जनता की आवाज़ सुनना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और हर नागरिक को सम्मान व उत्थान देना है। इससे पहले उन्होंने भगवान पाश्र्वनाथ की पूजा-अर्चना कर तीर्थ पेढ़ी पर विराजित साधु-साध्वियों का आशीर्वाद लिया। तीर्थ पेढ़ी की ओर से पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
पदयात्रा का मार्ग और कार्यक्रम
जनसंवाद पदयात्रा उन्हेंल नागेश्वर से शुरू होकर धर्मपुरी, कुमठिया, रामगढ़ चायडा होते हुए मगसी पहुंची, जहां रात्रि चौपाल का आयोजन हुआ। शुक्रवार को यात्रा मगसी से सरवर, कचनारा चोरबर्डी, सेकला, ढाबला व सुनारी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। शनिवार को सुनारी से पुँवार खेड़ी, गंगधार, मल्हारगंज बायपास होते हुए रापाखेड़ी में पदयात्रा का समापन होगा। इस अवसर पर आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, विधायक गोविंद रानीपुरिया, जिला प्रभारी जगत नारायण जोशी, सह प्रभारी सागर सोनी, पूर्व मंत्री मानसिंह चौहान, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








