कोटा।
कोटा शहर के रानपुर क्षेत्र स्थित हिमालय केमिकल फैक्ट्री में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फैक्ट्री परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में भीषण आग का रूप ले लिया और देखते ही देखते आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई। केमिकल सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से भड़कती चली गई और धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक नजर आने लगे।
आग लगने की सूचना मिलते ही कोटा नगर निगम का दमकल अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। हालात की गंभीरता को देखते हुए कुल 9 दमकलों को आग बुझाने के काम में लगाया गया, जिनमें नगर निगम की 6 दमकलें, डीसीएम की 2 दमकलें और थर्मल प्लांट की 1 दमकल शामिल रही। करीब 50 से अधिक फायर फाइटर्स ने अलग-अलग दिशाओं से मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि फैक्ट्री के ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी, जो केमिकल ड्रमों तक पहुंच गई। केमिकल ड्रमों में आग लगने से स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई थी। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के इलाके को खाली करवाया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
करीब डेढ़ घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और उपकरणों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







