शहर के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन पिलर का सीमेंट स्लैब अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे वाहनों पर गिर पड़ा। घटना एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा करीब 12:20 बजे हुआ और एक ऑटो व कार इसकी चपेट में आ गए। ऑटो में सवार 3-4 लोगों के घायल होने की आशंका है।
मौके पर पहुंचीं राहत-बचाव टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, मेट्रो प्राधिकरण के अधिकारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत टीमों ने मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्लैब गिरते ही एलबीएस रोड पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात ठप हो गया। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया ताकि राहत कार्य में बाधा न आए।
जांच के दायरे में ठेकेदार और इंजीनियर
प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन पिलर की मजबूती पर सवाल उठे हैं, हालांकि वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदार कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तलब किया गया है।
प्रशासन ने कहा — दोषियों पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे निर्माण कार्य की सुरक्षा ऑडिट भी कराई जा सकती है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







