झज्जर में दिनदहाड़े युवक की गोलियों से हत्या, बोलेरो में आए बदमाशों ने बरसाईं 25 राउंड फायरिंग

हरियाणा के झज्जर जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के सुबाना गांव में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हितेश उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घर के बाहर फोन पर बात कर रहा था युवक

ग्रामीणों और चश्मदीदों के मुताबिक, वारदात उस समय हुई जब हितेश अपने घर के बाहर खड़ा होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से 3 से 4 नकाबपोश हथियारबंद बदमाश बाहर निकले और बिना कोई मौका दिए हितेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण अपने घरों में छिप गए।

मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत

अंधाधुंध फायरिंग में कई गोलियां हितेश के शरीर के आर-पार हो गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। खून से लथपथ हितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए बोलेरो गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर क्राइम सीन सील कर दिया है। घटनास्थल से गोलियों के कई खाली खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुरानी रंजिश के एंगल से जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment