CSK vs SRH मैच के बाद खत्म हुआ विवाद, संजू सैमसन और हेनरिक क्लासेन ने सोशल मीडिया पर दिखाई दोस्ती

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले के दौरान मैदान पर देखने को मिला हाई-वोल्टेज ड्रामा अब पूरी तरह खत्म हो गया है। मैच के दौरान चेन्नई के विकेटकीपर बल्लेबाज Sanju Samson और सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज Heinrich Klaasen के बीच हुई तीखी बहस ने फैंस को हैरान कर दिया था। हालांकि अब दोनों खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर यह साफ कर दिया है कि उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है।

दरअसल, मैच के बाद संजू सैमसन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर क्लासेन के साथ गले लगते हुए एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “मैदान पर चीजें हो जाती हैं, लेकिन खेल के बाहर इस शानदार इंसान के लिए मेरे दिल में बहुत प्यार और सम्मान है।” संजू की इस पोस्ट पर हेनरिक क्लासेन ने भी प्रतिक्रिया दी और उनकी स्टोरी को री-शेयर करते हुए लिखा, “तुम्हारे लिए बहुत प्यार और सम्मान भाई। तुम्हें खेलते देखना हमेशा अच्छा लगता है। अब अगली लड़ाई का इंतजार रहेगा।”

15वें ओवर में हुआ था बड़ा विवाद

यह विवाद सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के 15वें ओवर में देखने को मिला था। 181 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही हैदराबाद की टीम के लिए क्लासेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और 47 रन पर खेल रहे थे। तभी गेंदबाज नूर अहमद की गेंद पर संजू सैमसन ने तेज़ी दिखाते हुए उन्हें स्टंप आउट कर दिया। आउट होने के बाद क्लासेन काफी नाराज दिखाई दिए और पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने संजू सैमसन से बहस शुरू कर दी। मैदान पर माहौल अचानक गर्म हो गया था और मामला बढ़ता देख अंपायरों तथा खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा।

हैदराबाद ने दर्ज की थी शानदार जीत

हालांकि इस विवाद का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया और प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। टीम के लिए Ishan Kishan ने 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान Pat Cummins ने गेंदबाजी में 3 विकेट हासिल किए। इस मुकाबले के बाद सोशल मीडिया पर संजू और क्लासेन के बीच हुई बहस की वीडियो क्लिप्स तेजी से वायरल हुई थीं। हालांकि अब दोनों खिलाड़ियों ने दोस्ती का संदेश देकर फैंस का दिल जीत लिया है।

Permalink:

Tags:

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment