अजमेर में दर्दनाक हादसा: चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, कांग्रेस नेता समेत परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बोराड़ा थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लगने से कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच सहित एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह दर्दनाक घटना अजमेर शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर काशीर और बोराड़ा गांव के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ियां भी बुलवाई गईं, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और चारों लोगों की जान जा चुकी थी।

पूर्व सरपंच सहित परिवार के चार लोगों की मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी की मौत हो गई। उनके साथ उनकी मां एवं पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी और भांजी महिमा भी कार में सवार थीं। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आग लगते ही स्कॉर्पियो कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

मां को अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और सीने में दर्द की शिकायत होने पर परिवार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कार में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी कार के करीब नहीं पहुंच सका। बाद में आसपास से पानी के टैंकर बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ डिप्टी आयुष वशिष्ठ, बोराड़ा थाना अधिकारी सूर्यभान सिंह और अरांई थाना अधिकारी रोशन सामरिया भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और मामले को गंभीरता से लिया गया है।

इलाके शोक की लहर

एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक रामसिंह चौधरी क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक चेहरा थे। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment